भागलपुर/नवगछिया, 26 अगस्त 2026 : बिहार के भागलपुर जिले के नवगछिया में बुधवार को एक बड़ा नाव हादसा हो गया। खरीक प्रखंड के राघोपुर इलाके में गंगा की तेज धार में 22 मजदूरों से भरी एक नाव पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। SDRF की टीम ने तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर 20 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि दो मजदूर अब भी लापता हैं। दोनों की तलाश में SDRF और गोताखोरों की टीम का सर्च ऑपरेशन जारी है।
तटबंध मरम्मत के दौरान हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, राघोपुर इलाके में तटबंध की मरम्मत के लिए फ्लड फाइटिंग का काम चल रहा था। इसी काम में करीब 22 मजदूर जुटे हुए थे। बुधवार को मजदूरों को लेकर जा रही नाव गंगा की तेज धार में अचानक असंतुलित हो गई और पलट गई। नाव के पलटते ही मजदूरों में चीख-पुकार मच गई। कई मजदूरों ने अपनी जान बचाने के लिए पानी में छलांग लगा दी। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर मौजूद SDRF की टीम सक्रिय हुई और रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
20 मजदूरों को सुरक्षित निकाला गया
SDRF की टीम ने तेज बहाव के बीच अभियान चलाकर 20 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि, दो मजदूरों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। लापता मजदूरों की तलाश के लिए SDRF और गोताखोर लगातार नदी में सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं। प्रशासन की टीम भी घटनास्थल पर मौजूद है और पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन की निगरानी की जा रही है।
दो दिन पहले टूटा था राघोपुर का तटबंध
बताया जा रहा है कि राघोपुर क्षेत्र में करीब दो दिन पहले रात में तटबंध का एक हिस्सा टूट गया था। इसके बाद इलाके में बाढ़ और कटाव का खतरा बढ़ गया था। तटबंध को बचाने और मरम्मत के लिए जल संसाधन विभाग और स्थानीय प्रशासन की निगरानी में फ्लड फाइटिंग का काम तेज किया गया था। इसी दौरान मजदूरों को नदी पार ले जा रही नाव हादसे का शिकार हो गई।
मौके पर पहुंचे अधिकारी
इस हादसे की जानकारी मिलते ही प्रशासन और पुलिस के कई अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। नवगछिया एसडीपीओ अनिकेत अमर, डीसीएलआर शैलेन्द्र कुमार, खरीक बीडीओ, सीओ, खरीक थानाध्यक्ष और जल संसाधन विभाग के अधिकारी मौके पर कैंप कर रहे हैं। फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता लापता दोनों मजदूरों को जल्द से जल्द खोज निकालना है। SDRF की टीम तेज बहाव के बीच लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है।




