मुंबई, 24 अगस्त 2026 : मुंबई के मझगांव इलाके में एक बार फिर माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया गया मगर पुलिस की मौजूदगी से हालात को जल्दी ही नियंत्रित कर लिया गया। मझगांव इलाके में गणपति प्रतिमा के आगमन जुलूस के दौरान कथित तौर पर अंडे फेंके जाने के बाद सोमवार को तनाव की स्थिति बन गई। घटना के बाद दो गुटों के बीच विवाद और झड़प की स्थिति पैदा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और हालात को नियंत्रित कर लिया। हालांकि एहतियात के तौर पर इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

गणपति जुलूस पर अंडे फेंकने का आरोप

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, रविवार रात गणेश प्रतिमा का आगमन जुलूस मझगांव इलाके से गुजर रहा था। इसी दौरान गणेश उत्सव आयोजकों ने आरोप लगाया कि पास की इमारतों से जुलूस की ओर अंडे फेंके गए। अंडे फेंके जाने की घटना के बाद जुलूस में शामिल लोगों में नाराजगी बढ़ गई। देखते ही देखते मौके पर तनाव का माहौल बन गया और दो पक्ष आमने-सामने आ गए। हालांकि, पुलिस ने अभी तक अंडे फेंकने वाले व्यक्ति या व्यक्तियों की पहचान को लेकर अब तक कोई विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की है। इस मामले की जांच जारी है और जल्द ही आरोपित पुलिस गिऱफ्त में होंगे।

पुलिस ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए लोगों को शांत कराया। किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोकने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। संवेदनशील इलाकों में पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इलाके में शांति बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।

गणेश मंडल ने क्या आरोप लगाया ?

अखिल पब्लिक फेस्टिवल कमेटी के अध्यक्ष हितेश जाधव ने आरोप लगाया कि गणपति प्रतिमा के आगमन के बाद पास की इमारत से किसी व्यक्ति ने जुलूस की ओर अंडा फेंका। उनके मुताबिक, इस घटना के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। आयोजकों ने मामले में जिम्मेदार लोगों की पहचान कर कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस जांच में जुटी

फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। अधिकारियों की ओर से यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि घटना के संबंध में किसी व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है या नहीं। पुलिस का फोकस इलाके में शांति बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाह को फैलने से रोकने पर है। स्थानीय लोगों और गणेश उत्सव आयोजकों से भी संयम बरतने की अपील की जा रही है।

गणेश उत्सव को लेकर सुरक्षा कड़ी

मुंबई में गणेश उत्सव के दौरान प्रतिमा के आगमन और विसर्जन जुलूसों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं। ऐसे में संवेदनशील इलाकों में पहले से ही सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई जाती है। मझगांव की घटना के बाद पुलिस ने इलाके में सुरक्षा और बढ़ा दी है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है और पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।