मुंबई, 23 अक्टूबर 2026 : मुंबई में शुक्रवार को धमकी भरे ईमेल मिलने से सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं। हालांकि इश ईमेल से मुंबई में हड़कंप मच गया। ईमेल में बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन, पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ, मुंबई की मेयर ऋतु तावड़े के कार्यालय और शहर के कुछ स्कूलों को निशाना बनाने की धमकी दी गई है। रिपोर्टों के मुताबिक, मुंबई की मेयर के कार्यालय को मिले ईमेल में अमिताभ बच्चन के जुहू स्थित बंगले ‘जलसा’ पर हमले की धमकी दी गई है। संदेश में 31 अक्टूबर से 27 नवंबर के बीच हमले की बात कही गई है। इसके अलावा, 27 नवंबर को मुंबई के महालक्ष्मी रेसकोर्स में प्रस्तावित दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को भी निशाना बनाने की धमकी का जिक्र था।

मेयर कार्यालय में तलाशी, पुलिस ने शुरू की जांच

धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद मुंबई पुलिस, बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड ने बीएमसी मुख्यालय तथा संबंधित कार्यालयों की जांच की। शुरुआती रिपोर्टों के मुताबिक, तलाशी के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। पुलिस ईमेल भेजने वाले की पहचान और धमकी की विश्वसनीयता की जांच कर रही है।ईमेल में खालिस्तान समर्थक नारे और 1984 की घटनाओं का भी उल्लेख होने की खबर है।

दादर के स्कूलों को भी मिले धमकी भरे ईमेल

इसी दौरान मुंबई के दादर इलाके के कुछ स्कूलों को भी धमकी भरे ईमेल मिलने की खबर सामने आई। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने स्कूल परिसरों की तलाशी ली। शुरुआती जानकारी में कोई संदिग्ध वस्तु मिलने की पुष्टि नहीं हुई है।

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग की घटना से अलग मामला

मुंबई में 18 अक्टूबर को अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर गोलीबारी की घटना भी सामने आई थी। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, इस मामले में कई आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और जांच जारी है। हालांकि, अमिताभ बच्चन और दिलजीत दोसांझ को मिले धमकी भरे ईमेल का इस फायरिंग से कोई सीधा संबंध अभी स्थापित नहीं हुआ है। फिलहाल मुंबई पुलिस धमकी भरे ईमेल की जांच कर रही है।