नई दिल्ली, 22 अगस्त 2026 : भारतीय जनता पार्टी ने देशभर के युवाओं, खासकर Gen-Z, के बीच अपनी पहुंच और संवाद को मजबूत करने की तैयारी शुरू कर दी है। पार्टी ने इसके लिए एक विशेष Gen-Z Outreach Team बनाई है। इस टीम का उद्देश्य युवाओं की उम्मीदों, चिंताओं और प्राथमिकताओं को समझना और उनके साथ सीधे संवाद का दायरा बढ़ाना है।

कौन-कौन नेता टीम में शामिल ?

पार्टी के सूत्रों के मुताबिक, Gen-Z Outreach Program के लिए बनाई गई टीम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, राष्ट्रीय महासचिव स्मृति ईरानी और विनोद तावड़े के अलावा गुजरात के मंत्री हर्ष संघवी और छत्तीसगढ़ के मंत्री ओपी चौधरी समेत कई नेताओं को शामिल किया गया है। पार्टी की योजना युवाओं के साथ बातचीत, चर्चा और विभिन्न गतिविधियों के जरिए संपर्क बढ़ाने की है। इसके माध्यम से भाजपा नई पीढ़ी के मुद्दों को समझने और युवाओं को पार्टी नेताओं के साथ सीधे संवाद का मंच देने की कोशिश करेगी। साथ ही युवाओं की समस्याओं पर पार्टी विचार करेगी।

नई राष्ट्रीय टीम की पहली बैठक

शनिवार को भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम की पहली परिचय बैठक भी हुई। इस बैठक की अध्यक्षता राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने की। इसे उनके नेतृत्व में पार्टी की नई टीम की औपचारिक शुरुआत के तौर पर देखा जा रहा है। इस बैठक की शुरुआत में राष्ट्रगीत 'वंदे मातरम' के सभी छह पद गाए गए। इसके बाद पार्टी के आगामी कार्यक्रमों और संगठनात्मक जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा हुई।

Modi@25 अभियान पर भी मंथन

बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर चलाए जा रहे 'Modi@25' अभियान को लेकर भी चर्चा हुई। इसके अलावा पार्टी पदाधिकारियों को दी गई जिम्मेदारियों और संगठन के विस्तार से जुड़े विषयों पर मंथन किया गया।

विधानसभा और 2029 लोकसभा चुनाव की तैयारी

भाजपा की नई टीम की बैठक में अगले साल होने वाले सात राज्यों के विधानसभा चुनावों और 2029 लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर भी संगठनात्मक रणनीति पर चर्चा हुई। Gen-Z Outreach को इसी व्यापक रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। पार्टी की कोशिश है कि युवा मतदाताओं के बीच संवाद केवल चुनावी समय तक सीमित न रहे, बल्कि लगातार संपर्क और मुद्दों पर बातचीत के जरिए मजबूत किया जाए।

कब शुरू होगा Gen-Z Outreach Program ?

भाजपा की ओर से Gen-Z Outreach Program के विस्तृत शेड्यूल, फॉर्मेट और कार्यक्रमों के स्थान की जानकारी जल्द घोषित किए जाने की उम्मीद है। इस पहल के जरिए पार्टी युवाओं की बदलती अपेक्षाओं और उनकी प्राथमिकताओं को समझने पर विशेष जोर देगी।