अयोध्या | 08 जुलाई 2026

उत्तर प्रदेश के अयोध्या जिले में बुधवार को मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना और बच्चों के लिए प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) योजना का शुभारंभ किया गया। लखनऊ में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने दोनों योजनाओं की शुरुआत की, जबकि अयोध्या के सर्किट हाउस में स्थानीय स्तर पर कार्यक्रम आयोजित कर शिक्षकों और अभिभावकों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।

20 शिक्षकों को मिले कैशलेस चिकित्सा कार्ड

कार्यक्रम के दौरान बेसिक शिक्षा विभाग और माध्यमिक शिक्षा विभाग के 10-10 शिक्षकों सहित कुल 20 शिक्षकों को मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किए गए। इसके अलावा दोनों विभागों के 600 से अधिक शिक्षकों ने निर्धारित पोर्टल के माध्यम से अपने कैशलेस चिकित्सा कार्ड डाउनलोड किए। इस योजना का लाभ नियमित, मानदेय, स्ववित्तपोषित, अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों के शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक तथा रसोइयों को भी मिलेगा।

1.14 लाख से अधिक बच्चों के खातों में पहुंचे 1200 रुपये

डीबीटी योजना के तहत अयोध्या जिले के 1,14,679 विद्यार्थियों के अभिभावकों के बैंक खातों में 1,200-1,200 रुपये की राशि सीधे हस्तांतरित की गई। यह राशि दो सेट यूनिफॉर्म, जूते-मोजे, स्कूल बैग और स्टेशनरी खरीदने के लिए भेजी गई है, ताकि बच्चों की पढ़ाई से जुड़ी आवश्यकताओं को समय पर पूरा किया जा सके।

मंत्री ने शिक्षकों से अनुशासन अपनाने की अपील की

स्थानीय कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सूर्य प्रताप शाही मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने शिक्षकों से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अनुशासन और समय प्रबंधन से प्रेरणा लेने की अपील करते हुए कहा कि सभी शिक्षक नियमित रूप से समय पर विद्यालय पहुंचें और विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करें। उन्होंने विद्यालय परिसर को स्वच्छ रखने और शिक्षा के बेहतर वातावरण के निर्माण पर भी जोर दिया।

कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह, महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी, विधायक रामचंद्र यादव, जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी, मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक पवन कुमार तिवारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी लाल चंद्र सहित शिक्षा विभाग के कई अधिकारी, शिक्षक और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।