सुपौल, 26 अगस्त 2026 : बिहार के सुपौल जिले में झूलन पर्व के दौरान मंगलवार की देर शाम एक दुखद सड़क हादसा हो गया। पिपरा थाना क्षेत्र के कटैया गोठ चौक स्थित बजरंगबली मंदिर के पास भजन-कीर्तन कर रहे श्रद्धालुओं के बीच तेज रफ्तार बेकाबू कार जा घुसी। इस हादसे में मौके पर ही पांच श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।

भजन-कीर्तन के दौरान श्रद्धालुओं को रौंदती चली गई कार

प्राप्त जानकारी के अनुसार, एनएच-327ई पर कटैया गोठ चौक के पास झूलन पर्व को लेकर श्रद्धालु मंदिर के समीप भजन-कीर्तन कर रहे थे। इसी दौरान पिपरा की ओर से तेज रफ्तार में आ रही कार अचानक अनियंत्रित हो गई और श्रद्धालुओं की भीड़ में जा घुसी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि रामचंद्र यादव गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।

हादसे में इन पांच लोगों की मौत

मृतकों की पहचान कटैया पंचायत के वार्ड संख्या 12 निवासी तिलाई दास (65) और राजू दास (50), वार्ड संख्या 15 निवासी सुरेंद्र यादव (45), वार्ड संख्या 11 निवासी भुवनेश्वरी यादव उर्फ कोयली यादव और वार्ड संख्या 13 निवासी कृष्ण मोहन साह के रूप में हुई है। इस घटना की खबर मिलते ही मृतकों के घरों में कोहराम मच गया। पूरे इलाके में शोक का माहौल छा गया।

हादसे के बाद कार लेकर भागा चालक

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के बाद कार चालक वाहन लेकर मौके से भागने लगा। कुछ दूरी पर उसने कार को एक गैरेज में घुसा दिया। संयोग से उस समय गैरेज में कोई मौजूद नहीं था। बाद में पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को अपने कब्जे में ले लिया और मामले की जांच में जुट गई।

आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

पांच लोगों की मौत की खबर फैलते ही ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने सुपौल-पिपरा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। ग्रामीणों ने आरोपी चालक की गिरफ्तारी, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई और मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की है।

मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारी

घटना की सूचना मिलते ही पिपरा थाना पुलिस के साथ सदर इंस्पेक्टर संजय यादव, सदर एसडीएम मनोहर कुमार साहू और साइबर डीएसपी शौरभ गुप्ता मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। डीएम सावन कुमार ने बताया कि एसडीएम को घटनास्थल पर भेजा गया है और पुलिस मामले में जरूरी कार्रवाई कर रही है।

चालक की पहचान और हादसे के कारणों की जांच

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। वाहन के मालिक, हादसे के समय कार चला रहे व्यक्ति और दुर्घटना की परिस्थितियों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस चालक की पहचान और गिरफ्तारी के लिए भी छानबीन कर रही है।