सीवान, 24 अक्टूबर 2026 : बिहार के सीवान जिले के जामो बाजार थाना क्षेत्र के आलमपुर गांव में पटाखा बनाने के दौरान हुए एक भीषण विस्फोट हो गया। इसमें पांच लोगों की मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। इस हादसे में पांच लोगों की मौत के बाद लापरवाही के आरोप में थानाध्यक्ष धीरज कुमार और स्थानीय चौकीदार चंद्रिका मांझी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। वहीं, विस्फोट के कारणों का पता लगाने के लिए विशेष पुलिस टीम गठित की गई है। इसके साथ ही फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने में लग गई है।
सीवान ब्लास्ट के बाद थानाध्यक्ष और चौकीदार पर कार्रवाई
आलमपुर गांव में शुक्रवार को कथित तौर पर अवैध रूप से पटाखा बनाने के दौरान एक बड़ा विस्फोट हुआ था। इस हादसे में पांच लोगों की जान चली गई। इस घटना के बाद पुलिस प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जामो बाजार थानाध्यक्ष धीरज कुमार और स्थानीय चौकीदार चंद्रिका मांझी को निलंबित कर दिया है। इसके अलावा पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच बारीकी से कर रही है। अब जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
डीएम और एसपी ने घटनास्थल का किया निरीक्षण
विस्फोट की सूचना मिलने के बाद जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। डीएम विजय प्रकाश मीणा, एसपी भारत सोनी और महाराजगंज के अनुमंडल पदाधिकारी ने मौके का निरीक्षण किया। घटनास्थल पर अग्निशमन विभाग, बिजली विभाग, डॉग स्क्वायड और मेडिकल टीम को भी बुलाया गया। प्रशासन की ओर से घटना से जुड़े तथ्यों और संभावित कारणों की जांच की जा रही है।
FSL टीम जुटाएगी वैज्ञानिक साक्ष्य
विस्फोट के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए FSL टीम को घटनास्थल पर बुला लिया गया है। पुलिस ने घटनास्थल की घेराबंदी कर साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार संबंधित लोगों के बयान और साक्ष्यों के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। फॉरेंसिक जांच से विस्फोट की प्रकृति और उससे जुड़े तथ्यों का पता लगाने में मदद मिल सकती है।
एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष टीम गठित
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी भारत सोनी के निर्देश पर महाराजगंज के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई है। वहीं, अनुसंधान की जिम्मेदारी महाराजगंज के सर्किल इंस्पेक्टर को सौंपी गई है। पुलिस टीम विस्फोट के कारणों, पटाखा निर्माण से जुड़ी गतिविधियों और घटना में संभावित लापरवाही समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।




