पटना, 27 अगस्त 2026 : बिहार में BPSC TRE-4 को लेकर अभ्यर्थियों की मांगों के बीच गुरुवार को म्यूजिक टीचर अभ्यर्थियों का एक समूह शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के आवास पहुंचा। अभ्यर्थियों ने आगामी भर्ती में वैकेंसी बढ़ाने समेत अपनी मांगें शिक्षा मंत्री के सामने रखीं। इस दौरान अभ्यर्थियों ने देशभक्ति गीत गाकर अपनी बात रखी। शिक्षा मंत्री ने अभ्यर्थियों से बातचीत करते हुए भरोसा दिलाया कि बिहार के छात्रों और युवाओं के हित में सरकार हर जरूरी कदम उठाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार संवाद के लिए हमेशा तैयार है और बातचीत के जरिए रास्ता ही निकाला जाएगा।
‘परीक्षा की तैयारी में जुट जाइए’, शिक्षा मंत्री ने दिया भरोसा
म्यूजिक टीचर अभ्यर्थियों से बातचीत के दौरान मिथिलेश तिवारी ने कहा कि जब तक परीक्षा की तारीख जारी नहीं होती, तब तक वैकेंसी आने की संभावना बनी रहेगी। उन्होंने कहा कि बिहार के युवाओं और छात्रों के हित में जो करना होगा, सरकार वह करेगी। अभ्यर्थियों को आश्वस्त करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार सभी पक्षों को बुलाकर बातचीत करती है और समाधान निकालने का प्रयास करती है। शिक्षा मंत्री ने अभ्यर्थियों से परीक्षा की तैयारी में जुटने की अपील की। उन्होंने कहा कि जहां वैकेंसी बची होगी, उसे मंगाया जा जाएगा और जरूरत पड़ने पर वैकेंसी बढ़ाई भी जा सकती है।
अभ्यर्थियों ने गाया देशभक्ति गीत
शिक्षा मंत्री के आवास के बाहर पहुंचे म्यूजिक टीचर अभ्यर्थियों ने ‘दिल दिया है जान भी देंगे... ऐ वतन तेरे लिए’ गीत गाकर अपनी मांग रखी। अभ्यर्थी TRE-4 में म्यूजिक टीचर पदों के लिए अधिक वैकेंसी की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि भर्ती में ज्यादा अवसर मिलने से बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों को शिक्षक बनने का मौका मिल सकेगा।
‘अच्छे टीचर स्कूलों तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता’
मिथिलेश तिवारी ने कहा कि छात्रों के भविष्य को लेकर सरकार खुद चिंतित है। पढ़ाई और स्कूलों में अच्छे शिक्षकों की उपलब्धता सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सरकार इस दिशा में लगातार काम कर रही है। म्यूजिक टीचर अभ्यर्थियों से उन्होंने कहा कि वे फिलहाल अपनी परीक्षा की तैयारी पर फोकस करें और सरकार की ओर से वैकेंसी को लेकर सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।
शिक्षा मंत्री के आवास की बढ़ाई गई सुरक्षा
पटना में अभ्यर्थियों के लगातार प्रदर्शन के बीच शिक्षा मंत्री के आवास की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है। गुरुवार सुबह अभ्यर्थियों के आवास तक पहुंचने के बाद मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। पटना के गर्दनीबाग धरना स्थल पर भी अभ्यर्थियों का आंदोलन जारी है। प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
TRE-4 को लेकर पहले भी प्रदर्शन कर चुके हैं अभ्यर्थी
BPSC TRE-4 को लेकर अभ्यर्थियों की ओर से पहले भी पटना में प्रदर्शन किया जा चुका है। अभ्यर्थी एक चरण में परीक्षा, निगेटिव मार्किंग खत्म करने और डोमिसाइल समेत कई मांगें उठा रहे हैं। इसी बीच म्यूजिक टीचर अभ्यर्थियों का शिक्षा मंत्री के आवास पहुंचना और उनसे सीधी बातचीत करना TRE-4 भर्ती को लेकर महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है।




