पटना, 27 अगस्त 2026 : रक्षाबंधन के मौके पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बिहार की बेटियों और महिलाओं के लिए कई बड़े ऐलान किए हैं। सीएम ने राज्य में महिला विश्वविद्यालय स्थापित करने की घोषणा की है। प्रस्तावित विश्वविद्यालय में छात्राओं से लेकर कुलपति, शिक्षक और अन्य स्टाफ तक सभी पदों पर महिलाओं की भागीदारी होगी। मुख्यमंत्री के अनुसार, इस विश्वविद्यालय का उद्देश्य बेटियों को उच्च शिक्षा के लिए सुरक्षित, बेहतर और अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना है।
पांच लाख महिलाओं के खातों में करीब 600 करोड़ ट्रांसफर
पटना के बापू सभागार में आयोजित ‘समृद्ध महिला-समृद्ध बिहार अभियान’ के शुभारंभ के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने महिला रोजगार योजना के तहत करीब पांच लाख महिलाओं के बैंक खातों में लगभग 600 करोड़ रुपये की राशि ट्रांसफर की। इसमें योजना की पहली और दूसरी किस्त की राशि शामिल है। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि वर्ष 2030 तक जीविका दीदियों के विकास और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए राज्य सरकार करीब 20 हजार करोड़ रुपये खर्च करेगी।
बेटियों को बिजनेस के लिए दो लाख तक की मदद
महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने ‘बिहार की बेटी स्टार्टअप चैलेंज’ की शुरुआत की है। इसके तहत नया कारोबार शुरू करने या मौजूदा व्यवसाय को आगे बढ़ाने वाली महिला उद्यमियों को 50 हजार से 2 लाख रुपये तक की वित्तीय सहायता दी जाएगी। राज्य सरकार के मुताबिक, इस योजना से करीब 2,100 महिलाओं को लाभ पहुंचाने का लक्ष्य है। इसका उद्देश्य बेटियों के नए और इनोवेटिव बिजनेस आइडिया को आर्थिक सहयोग देना है।
PhD छात्राओं को हर महीने ₹10 हजार
उच्च शिक्षा और शोध के क्षेत्र में बेटियों की भागीदारी बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री बालिका PhD फेलोशिप योजना भी शुरू की गई है। इसके तहत करीब 1,000 छात्राओं को चार वर्षों तक हर महीने 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। राज्य सरकार का लक्ष्य आर्थिक कारणों से उच्च शिक्षा और शोध में आने वाली बाधाओं को कम करना है।
स्कूल-कॉलेज के बाहर तैनात होंगी ‘पुलिस दीदी ’
महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा के लिए सरकार ने स्कूल और कॉलेजों के आसपास ‘पुलिस दीदी’ की तैनाती का भी फैसला किया है। मुख्यमंत्री ने इस पहल के तहत 4,700 दोपहिया वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस व्यवस्था का उद्देश्य छात्राओं को सुरक्षित माहौल देना और स्कूल-कॉलेज के आसपास छेड़खानी जैसी घटनाओं पर प्रभावी तरीके से रोक लगाना है।
महिला सशक्तिकरण पर सरकार का फोकस
महिला विश्वविद्यालय, रोजगार सहायता, स्टार्टअप फंडिंग, PhD फेलोशिप और सुरक्षा से जुड़े फैसलों के जरिए राज्य सरकार महिलाओं को शिक्षा, रोजगार, उद्यमिता और आत्मनिर्भरता से जोड़ने पर जोर दे रही है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने महिला सशक्तिकरण को बिहार के विकास से जोड़ते हुए कई योजनाओं को आगे बढ़ाने की बात कही है।




