पटना, 25 अगस्त 2026 : भोजपुरी रियलिटी शो ‘भोजपुरी बवाल’ के ग्रैंड फिनाले की शूटिंग के बाद पूर्व मंत्री तेजप्रताप यादव ने भोजपुरी स्टार और भाजपा MLC पवन सिंह पर जमकर हमला बोला। पत्रकारों से बातचीत के दौरान तेजप्रताप यादव ने पवन सिंह का नाम लेते हुए कई तीखी टिप्पणियां कीं और शराब को लेकर भी निशाना साधा। तेजप्रताप यादव ने कहा कि वह खुद शराब से बहुत दूर रहते हैं और भगवान कृष्ण के बड़े भक्त हैं। इसी दौरान उन्होंने कुछ कलाकारों पर शराब पीने का आरोप लगाते हुए भोजपुरी अभिनेता पवन सिंह पर भी तंज कस दिया।
‘MLC हो गए हैं, शराब पी रहे हैं’
तेजप्रताप यादव ने कहा कि कलाकारों को शराब से दूर रहना चाहिए। उन्होंने भोजपुरी अभिनेता पवन सिंह पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ कलाकार शराब पीकर कार्यक्रमों में डांस करते हैं। उन्होंने आगे कहा कि ‘MLC हो गए हैं, शराब पी रहे हैं, केस होगा तो धरा जाएंगे।’ हालांकि, तेजप्रताप की ये टिप्पणियां उनके द्वारा लगाए गए आरोपों और राजनीतिक बयान के तौर पर सामने आई हैं।
‘पवन सिंह बड़ा लफुआ है’
पवन सिंह पर तीखा हमला करते हुए तेजप्रताप यादव ने कहा, ‘लफुआ लोग के बारे में हम कुछ नहीं बोलते हैं। पवन सिंह बड़ा लफुआ है।’ उनके इस बयान के बाद भोजपुरी सिनेमा और बिहार की राजनीति में एक बार फिर पवन सिंह और तेजप्रताप यादव को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
तेजप्रताप बोले- ‘मैं कृष्ण भगवान का भक्त हूं’
पत्रकारों से बातचीत में तेजप्रताप ने अपनी धार्मिक आस्था का जिक्र करते हुए कहा कि वह भगवान कृष्ण के भक्त हैं और वृंदावन आते-जाते रहते हैं। उन्होंने कहा कि वह तुलसी की माला धारण करते हैं और शराब से दूर रहते हैं। इसी संदर्भ में उन्होंने कलाकारों को शराब से दूर रहने की सलाह दी।
पूर्व PA मोतीलाल पर भी निशाना
बातचीत के दौरान तेजप्रताप यादव ने अपने पूर्व PA मोतीलाल को लेकर भी टिप्पणी की। उन्होंने आरोप लगाया कि मोतीलाल उनके घर से सामान लेकर भाग गया था। तेजप्रताप यादव ने कहा कि वह नाम नहीं लेना चाहते, वरना ‘मुर्दा अमर हो जाएगा।’ जब उनसे पूछा गया कि मोतीलाल भी ‘भोजपुरी बवाल’ शो का हिस्सा हैं, तो उन्होंने कहा कि शुरुआत में वह शो में थे, लेकिन अब नहीं हैं और पुलिस उन्हें खोज रही है।
‘भोजपुरी बवाल’ में एक मंच पर नजर आए बड़े सितारे
पटना के ज्ञान भवन में ‘भोजपुरी बवाल’ के ग्रैंड फिनाले की शूटिंग हुई। इस दौरान भोजपुरी इंडस्ट्री के कई चर्चित कलाकार नजर आए। शो में मेगा स्टार पवन सिंह, दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’, आम्रपाली दुबे, काजल राघवानी और तेजप्रताप यादव जैसे नाम एक साथ नजर आए। भोजपुरी सिनेमा के इन बड़े चेहरों की मौजूदगी के बीच तेजप्रताप की पवन सिंह पर की गई टिप्पणी ने शो के साथ-साथ राजनीतिक और मनोरंजन जगत में भी सुर्खियां बटोर ली हैं।




