औरंगाबाद, 22 अगस्त 2026 : बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से औरंगाबाद के अम्बा स्थित राजलक्ष्मी रिजॉर्ट में आयोजित नवनिर्वाचित प्रखंड अध्यक्षों का दो दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर शनिवार को संपन्न हो गया। इस शिविर में कांग्रेस ने संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ आगामी राजनीतिक गतिविधियों और जनसंपर्क को लेकर रणनीति पर मंथन किया। प्रशिक्षण शिविर में 20 जिलों के नवनिर्वाचित प्रखंड अध्यक्षों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दूसरे और अंतिम दिन पार्टी ने मीडिया और सोशल मीडिया की रणनीति, राजनीति में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने और मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों में कांग्रेस की भूमिका जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की।
मीडिया और सोशल मीडिया रणनीति पर जोर
शिविर के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को बदलते राजनीतिक दौर में मीडिया और सोशल मीडिया के प्रभावी इस्तेमाल को लेकर जानकारी दी गई। पार्टी की गतिविधियों और विचारधारा को आम लोगों तक पहुंचाने के साथ-साथ आधुनिक माध्यमों के जरिए जनसंपर्क मजबूत करने पर जोर दिया गया। इसके अलावा जन लामबंदी के नए तरीकों और संगठन को बूथ से लेकर प्रखंड स्तर तक मजबूत करने की रणनीति पर भी चर्चा हुई।
'प्रखंड अध्यक्ष पार्टी की रीढ़'
प्रशिक्षण शिविर में मुख्य अतिथि के तौर पर बिहार कांग्रेस के प्रभारी कृष्णा अल्लावरु शामिल हुए। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों में देश और समाज को एकजुट रखने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि आपसी एकता और सहमति से देश को मजबूत बनाया जा सकता है। पार्टी और समाज को अनुशासन के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने देश में लोकतंत्र को स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और प्रखंड अध्यक्षों की वैचारिक मजबूती के लिए इस तरह का प्रशिक्षण जरूरी है। कृष्णा अल्लावरु ने कहा कि प्रखंड अध्यक्ष कांग्रेस संगठन की रीढ़ हैं और जमीनी स्तर पर पार्टी को मजबूत करने में उनकी भूमिका अहम है।
'सबको साथ लेकर चलना कांग्रेस का संस्कार'
समापन सत्र को संबोधित करते हुए बिहार प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि 'संगच्छध्वं संबदध्वं' का सूत्र सभी को साथ लेकर चलने और एक-दूसरे के विचारों का सम्मान करने का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा इस विचार का सम्मान करती रही है। पंचायत स्तर के कार्यकर्ता से लेकर प्रदेश अध्यक्ष तक पार्टी के सभी लोग एक संगठनात्मक सूत्र में बंधे हैं और एक-दूसरे का सम्मान करते हैं। राजेश राम ने कहा कि देश निर्माण में हर कार्यकर्ता की अपनी भूमिका है। उन्होंने कार्यकर्ताओं के बीच लगातार संवाद और एक-दूसरे के सम्मान को पार्टी का संस्कार बताया।
महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने पर जोर
प्रशिक्षण शिविर में राजनीति में महिलाओं की भूमिका और भागीदारी बढ़ाने पर भी विशेष चर्चा हुई। इसके साथ ही पार्टी संगठन में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने और उन्हें राजनीतिक गतिविधियों से जोड़ने के तरीकों पर विचार किया गया।
इन नेताओं ने दिया प्रशिक्षण
प्रशिक्षण शिविर का संचालन संयोजक प्रो. रंजीत मिश्र ने किया, जबकि सत्रों का संचालन प्रशिक्षक राजकुमार मीणा ने किया। शिविर में असित नाथ तिवारी, कुणाल कुमार, राकेश सिंह, ऋचा, जितेन्द्र नाथ पटेल और पूर्व विधायक आनंद शंकर ने विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण दिया। कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता पंकज यादव, डॉ. अमन कुमार, सत्येंद्र नारायण, अरविंद शर्मा, डॉ. अनिता कुमारी, पूनम यादव, शैलेन्द्र मिश्र, चंद्रभूषण राजपूत समेत कई प्रमुख नेता मौजूद रहे। दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के जरिए कांग्रेस ने जमीनी संगठन को मजबूत करने, आधुनिक संचार माध्यमों का इस्तेमाल बढ़ाने व राजनीतिक गतिविधियों के लिए प्रखंड स्तर पर कार्यकर्ताओं को तैयार करने पर जोर दिया।




