जयपुर, 22 अगस्त 2026 : जयपुर में नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की ओर से आयोजित आयुर्वेदिक PG एंट्रेंस एग्जाम के दौरान कुछ तकनीकी गड़बड़ी के चलते परीक्षा रद्द करनी पड़ी। ट्रांसपोर्ट नगर स्थित सत्य साईं पीजी कॉलेज में शनिवार सुबह करीब 10:20 बजे अचानक बिजली की सप्लाई बाधित हो गई। इसके चलते कई अभ्यर्थियों के कंप्यूटर सिस्टम बंद हो गए। परीक्षा कंप्यूटर बेस्ड थी। सिस्टम बंद होने के बाद अभ्यर्थियों ने परीक्षा केंद्र के बाहर हंगामा शुरू कर दिया। स्थिति को देखते हुए NTA ने पहली शिफ्ट की परीक्षा ही रद्द कर दी।
49 स्टूडेंट्स के लिए एक सितंबर को दोबारा परीक्षा
NTA ने तकनीकी गड़बड़ी के कारण परीक्षा नहीं दे पाने वाले 49 अभ्यर्थियों के लिए दोबारा परीक्षा कराने का फैसला किया है। इन छात्रों की परीक्षा अब 1 सितंबर को होगी। री-एग्जाम के लिए राजस्थान कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग फॉर विमेन, जयपुर को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।
परीक्षा शुरू होने के 20 मिनट बाद बंद हुए कंप्यूटर
परीक्षा देने पहुंची डॉ. सुधा शर्मा ने बताया कि परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक निर्धारित थी। परीक्षा शुरू होने के करीब 20 मिनट बाद कई स्टूडेंट्स के कंप्यूटर अचानक बंद हो गए। उनके मुताबिक, परीक्षा निरीक्षक ने बताया कि शॉर्ट सर्किट के कारण बिजली चली गई है और जल्द ही सप्लाई बहाल हो जाएगी। हालांकि, समस्या दूर नहीं होने के बाद अभ्यर्थियों में नाराजगी बढ़ गई।
पावर सप्लाई में समस्या के कारण आधे कंप्यूटर बंद
ऑब्जर्वर डॉ. हर्षिता सचदेवा ने बताया कि पावर सप्लाई में समस्या के कारण करीब आधे कंप्यूटर बंद हो गए थे। बिजली कभी आ रही थी और कभी जा रही थी, जिसके चलते कुछ सिस्टम काम कर रहे थे और कुछ बंद थे। उन्होंने बताया कि स्थिति को देखते हुए NTA ने पहली शिफ्ट की परीक्षा कैंसिल कर दी।
दूसरी शिफ्ट में भी बायोमेट्रिक सिस्टम ने बढ़ाई परेशानी
शनिवार को दूसरी शिफ्ट में भी परीक्षा केंद्र पर हंगामे की स्थिति बनी। दोपहर 3 बजे से होम्योपैथिक PG परीक्षा होनी थी। अभ्यर्थियों की एंट्री दोपहर एक बजे तक होनी थी, लेकिन उन्हें करीब तीन बजे प्रवेश दिया गया। इसके बाद बायोमेट्रिक सिस्टम में तकनीकी खराबी के कारण अभ्यर्थी परीक्षा हॉल के बाहर परेशान रहे और उन्होंने विरोध शुरू कर दिया।
परीक्षा केंद्र के बाहर पुलिस तैनात
स्थिति को देखते हुए परीक्षा केंद्र के बाहर पुलिस बल भी तैनात किया गया। दूसरी शिफ्ट की परीक्षा देने पहुंचे अभ्यर्थियों की भी सेंटर के बाहर भीड़ दिखाई दी। प्रशासन और परीक्षा एजेंसी की ओर से तकनीकी समस्याओं को दूर करने की कोशिश की गई।
UGC-NET परीक्षा भी रद्द कर चुका है NTA
NTA की परीक्षाओं को लेकर हाल के दिनों में यह पहला विवाद नहीं है। इससे पहले UGC-NET की इंग्लिश, कॉमर्स और सोशियोलॉजी विषयों की परीक्षाएं भी रद्द की गई थीं। NTA ने प्रश्न पत्रों में स्पेलिंग और प्रिंटिंग से जुड़ी गलतियों के साथ पहले पूछे जा चुके सवालों के दोहराव की जानकारी दी थी। इसके बाद इन विषयों की दोबारा परीक्षा कराने का फैसला लिया गया। अंग्रेजी, कॉमर्स और सोशियोलॉजी की परीक्षाएं अब 9 और 10 सितंबर को आयोजित की जानी हैं।
NTA की परीक्षाएं पहले भी विवादों में रही हैं
NTA पिछले कुछ वर्षों में कई प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर विवादों में रहा है। NEET-UG समेत कई परीक्षाओं में पेपर लीक और परीक्षा प्रक्रिया से जुड़ी गड़बड़ियों को लेकर अभ्यर्थियों ने विरोध किया है। जयपुर में आयुर्वेदिक PG एंट्रेंस एग्जाम के दौरान बिजली और कंप्यूटर सिस्टम की समस्या के बाद अब प्रभावित 49 अभ्यर्थियों के लिए एक सितंबर को दोबारा परीक्षा आयोजित की जाएगी।




