पटना, 25 अगस्त 2026 : BPSC TRE-4 अभ्यर्थियों का प्रदर्शन मंगलवार को पटना में तेज हो गया। बड़ी संख्या में अभ्यर्थी अपनी मांगों को लेकर सड़क पर उतरे और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आवास की ओर बढ़ने की कोशिश की। हालांकि पुलिस ने बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को रोकने की भरपूर कोशिश की, लेकिन छात्रों ने बैरिकेडिंग तोड़ दी। इसी बीच बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी का एक बयान सामने आया है। उन्होंने दावा किया कि छात्रों जिन मुद्दों को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे, बिहार सरकार ने उनका समाधान कर दिया है।
शिक्षा मंत्री बोले- छात्रों की सभी मांगों का समाधान
शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि सरकार युवाओं की समस्याओं को गंभीरता से लेती है। उन्होंने दावा किया कि छात्रों की ओर से उठाए गए सभी प्रमुख मुद्दों पर सरकार ने जल्द कार्रवाई की है। मिथिलेश तिवारी ने कहा, “जिन-जिन मुद्दों को लेकर छात्र धरने पर बैठे थे, उनके सभी मुद्दों का समाधान कर दिया गया है।” शिक्षा मंत्री के इस बयान के बावजूद अभ्यर्थियों का प्रदर्शन जारी है और छात्र मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात की मांग पर अड़े हुए हैं।
तेजस्वी यादव पर भी शिक्षा मंत्री का हमला
BPSC TRE-4 के मुद्दे पर शिक्षा मंत्री ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर भी निशाना साधा। उन्होंने तेजस्वी यादव के परीक्षा संबंधी सुझावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्हें यह सुनकर हैरानी हुई कि जिस व्यक्ति ने 10वीं की बोर्ड परीक्षा तक नहीं दी, वह परीक्षा को लेकर सुझाव दे रहा है। मिथिलेश तिवारी ने तंज कसते हुए कहा कि पहले बिहार सरकार के स्कूल में दाखिला लेकर 10वीं पास कीजिए और फिर परीक्षा पर सुझाव दीजिए।
BPSC TRE-4 अभ्यर्थियों की क्या हैं मांगें?
प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थी BPSC TRE-4 परीक्षा से जुड़ी कई मांगें उठा रहे हैं। छात्रों की प्रमुख मांगों में शामिल हैं :
- TRE-4 में सिर्फ एक परीक्षा कराई जाए।
- परीक्षा में निगेटिव मार्किंग खत्म की जाए।
- भर्ती में 100 फीसदी डोमिसाइल नीति लागू की जाए।
- परीक्षा प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया जाए।
- अभ्यर्थियों की समस्याओं पर मुख्यमंत्री से सीधे बातचीत कराई जाए।
इन्हीं मांगों को लेकर छात्र मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने निकले थे।
‘2000 रुपये कर्ज लेकर परीक्षा देने गई थी’
प्रदर्शन के दौरान एक महिला अभ्यर्थी ने अपनी परेशानी साझा की। उसने बताया कि BPSC AEDO की परीक्षा देने के लिए वह दो हजार रुपये कर्ज लेकर सीवान गई थी। अभ्यर्थी ने बताया कि उसके माता-पिता नहीं हैं और वह काम करने के साथ अपनी पढ़ाई भी कर रही है। उसके मुताबिक परीक्षा केंद्र की स्थिति बेहद खराब थी और उसे खेत में परीक्षा केंद्र दिए जाने का आरोप है। अभ्यर्थी ने कहा कि परीक्षा केंद्र की व्यवस्था ऐसी होगी तो परीक्षा में गड़बड़ी की आशंका बनी रहेगी।
CM सम्राट चौधरी से मिलने पर अड़े छात्र
प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों की मांग है कि उनकी मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात कराई जाए। छात्रों का कहना है कि उनकी समस्याओं का वास्तविक समाधान मुख्यमंत्री से बातचीत के बाद ही संभव है।प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने नारेबाजी भी की। पुलिस की ओर से छात्रों को प्रतिनिधिमंडल बनाने का आश्वासन दिए जाने की बात सामने आई है। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल को मुख्यमंत्री आवास ले जाने की बात कही गई।
पटना में सुरक्षा बढ़ी
अभ्यर्थियों के प्रदर्शन को देखते हुए पटना प्रशासन अलर्ट है। पटना DM और SSP ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। अलग-अलग स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की गई है। फिलहाल शिक्षा मंत्री के ‘सभी मांगों का समाधान हो गया’ वाले बयान और छात्रों के जारी प्रदर्शन के बीच टकराव की स्थिति बनी हुई है। अब देखना होगा कि सरकार और अभ्यर्थियों के बीच बातचीत के बाद इस आंदोलन का क्या समाधान निकलता है।




