पटना, 16 अक्टूबर 2026। बिहार में पटना स्नातक एमएलसी चुनाव को लेकर जनता दल यूनाइटेड (JDU) के नेताओं के बीच बयानबाजी काफी तेज हो गई है। मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह और जदयू प्रत्याशी नीरज कुमार के बीच जुबानी जंग अब निशांत कुमार तक पहुंच गई है। विधायक अनंत सिंह ने कहा है कि निशांत कुमार को चुनाव प्रचार के लिए नहीं जाना चाहिए था। इस पर नीरज कुमार ने पलटवार करते हुए कहा कि निशांत कुमार को किसी की अनुमति की जरूरत नहीं है। यह मामला अब तूल पकड़ लिया है और दोनों तरफ से बयानबाजी जारी है।

अनंत सिंह ने निशांत कुमार के प्रचार पर उठाए सवाल

शुक्रवार को जनसुराज प्रत्याशी अनुज सिंह के समर्थन में रोड शो के लिए निकलते समय बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने निशांत कुमार के चुनाव प्रचार में शामिल होने पर तीखी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि यह छोटा चुनाव है और निशांत कुमार को इसमें प्रचार के लिए नहीं जाना चाहिए था। अनंत सिंह ने यह भी कहा कि वह नीतीश कुमार के साथ थे और आगे भी उनके साथ रहेंगे। उन्होंने जदयू में किसी तरह के विरोध से इनकार करते हुए कहा कि नीरज कुमार भी पार्टी में हैं और वह खुद भी पार्टी का हिस्सा हैं।

नीरज का पलटवार, बोले- निशांत को किसी की परमिशन की जरूरत नहीं

बाहुबली विधायक अनंत सिंह के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए नीरज कुमार ने तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राजनीति में किसी को अपनी हैसियत नहीं भूलनी चाहिए और निशांत कुमार को सलाह देने की जरूरत नहीं है। नीरज कुमार के मुताबिक, निशांत कुमार को चुनाव प्रचार में जाने के लिए किसी की अनुमति की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि बिहार के राजनीतिक नेतृत्व और नीतीश कुमार की विरासत को निशांत कुमार ने स्वीकार्यता दिलाई है।

विजय सिन्हा पर भी भड़के अनंत सिंह

अनंत सिंह ने बिहार के मंत्री विजय कुमार सिन्हा के बयान पर भी कड़ी नाराजगी जताई। दरअसल, अनंत सिंह के जदयू प्रत्याशी नीरज कुमार के बजाय जनसुराज उम्मीदवार अनुज सिंह के समर्थन में प्रचार करने को लेकर विजय सिन्हा से सवाल किया गया था। विजय सिन्हा ने कहा था कि यह पढ़े-लिखे मतदाताओं का चुनाव है। इस टिप्पणी पर अनंत सिंह ने सवाल उठाया कि उनकी सभाओं में जुटने वाली भीड़ क्या अनपढ़ है। उन्होंने भाजपा नेता विजय सिन्हा पर भी तीखी टिप्पणी की।

नीरज कुमार बोले- कर्म ही फंसाते हैं

इससे पहले गुरुवार को बाढ़ में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए नीरज कुमार ने बिना नाम लिए विधायक अनंत सिंह पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा था कि वह जनता के बीच न्याय मांगने आए हैं और बार-बार उनका चरित्र हनन किया जा रहा है। नीरज कुमार ने कहा कि कोई किसी को नहीं फंसाता, बल्कि उसके कर्म उसे फंसाते हैं। उन्होंने दावा किया कि आरोप लगने पर उन्होंने पुलिस को प्रमाण दिए थे। साथ ही उन्होंने कहा कि वह किसी से डरने वाले नहीं हैं। नीरज कुमार ने यह भी स्पष्ट किया कि नीतीश कुमार पर राजनीतिक या अनैतिक हमला होने पर वह चुप नहीं रहेंगे।

जनसुराज प्रत्याशी के समर्थन में प्रचार कर रहे हैं अनंत सिंह

पटना स्नातक एमएलसी सीट पर जदयू ने नीरज कुमार को उम्मीदवार बनाया है, लेकिन जदयू विधायक अनंत सिंह खुलकर जनसुराज प्रत्याशी अनुज सिंह के समर्थन में प्रचार कर रहे हैं। वह अनुज सिंह के नामांकन में भी शामिल हुए थे और उनके पक्ष में रोड शो कर चुके हैं। इस घटनाक्रम से जदयू के भीतर असहज स्थिति बनी हुई है। हालांकि इस विवाद को शांत कराने के लिए केंद्रीय मंत्री और जदयू के वरिष्ठ नेता ललन सिंह ने भी बाहुबली अनंत सिंह से बातचीत की थी।

ललन सिंह ने की थी अनंत सिंह से बातचीत

पांच अक्टूबर को अनंत सिंह से मुलाकात के बाद ललन सिंह ने बताया था कि अनंत सिंह की कुछ शिकायतें थीं। विधायक अनंत सिंह का आरोप था कि विधानसभा चुनाव के दौरान उनके खिलाफ प्रचार किया गया था, लेकिन उस समय पार्टी की ओर से कार्रवाई नहीं हुई। केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने माना था कि प्रदेश इकाई से एक चूक हुई थी। हालांकि इस बीच उन्होंने विधायक अनंत सिंह से नीरज कुमार के खिलाफ सार्वजनिक बयान नहीं देने को कहा था। इसके बावजूद दोनों नेताओं के बीच बयानबाजी जारी रहने से एमएलसी चुनाव का राजनीतिक माहौल गरमा गया है।