पटना, 28 अक्टूबर 2026 : बिहार में HIV/AIDS के प्रति जागरूकता बढ़ाने और सामाजिक भेदभाव खत्म करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय रेड रन 4.0–2026 का आयोजन किया जाएगा। 3 नवंबर 2026 को पटना के गांधी मैदान में राष्ट्रीय स्तर की 10 किलोमीटर की दौड़ आयोजित होगी। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 5 बजे होगी। इस आयोजन में देश के विभिन्न राज्यों से युवा प्रतिभागियों और अधिकारियों के शामिल होने की संभावना है। राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन (NACO), भारत सरकार के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम की जिम्मेदारी बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति को सौंपी गई है। आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं और आम लोगों को HIV के प्रति जागरूक करना, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना और HIV से प्रभावित लोगों के प्रति भेदभाव समाप्त करने का संदेश देना है।

देशभर से जुटेंगे 250 युवा प्रतिभागी

राष्ट्रीय रेड रन 4.0 में देश के अलग-अलग राज्यों से लगभग 250 युवा प्रतिभागियों, नोडल पदाधिकारियों और अन्य गणमान्य व्यक्तियों के शामिल होने की संभावना है। इसके अलावा, आम लोगों की भागीदारी बढ़ाने और जागरूकता अभियान को व्यापक बनाने के लिए करीब 1,000 प्रतिभागियों के साथ 2 किलोमीटर का वॉकथॉन भी आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम के जरिए युवाओं को HIV से बचाव, समय पर जांच और उपचार के महत्व के बारे में जागरूक किया जाएगा। साथ ही, समाज में HIV को लेकर फैली गलत धारणाओं और भेदभाव को दूर करने पर जोर दिया जाएगा।

गांधी मैदान से शुरू होगी दौड़, जेपी गंगा पथ से लौटेंगे प्रतिभागी

राष्ट्रीय रेड रन और वॉकथॉन की शुरुआत पटना के गांधी मैदान से होगी। 10 किलोमीटर की दौड़ और 2 किलोमीटर के वॉकथॉन में शामिल प्रतिभागी जेपी गंगा पथ पर गंगा नदी की ओर वाले लेन से गुजरेंगे और निर्धारित मार्ग से वापस गांधी मैदान पहुंचेंगे। दोनों कार्यक्रमों का समापन गांधी मैदान स्थित मुख्य मंच के समीप होगा। आयोजन में बड़ी संख्या में युवाओं और आम लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने की तैयारी की जा रही है।

स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने की भाग लेने की अपील

स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने युवाओं और आम लोगों से राष्ट्रीय रेड रन 4.0 में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि HIV के प्रति जागरूकता बढ़ाना, लोगों को समय पर जांच और उपचार के लिए प्रेरित करना तथा HIV से प्रभावित व्यक्तियों के प्रति भेदभाव खत्म करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन युवाओं की सक्रिय भागीदारी के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे अभियान जागरूकता के संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने में मदद करते हैं। स्वास्थ्य मंत्री ने लोगों से इस अभियान से जुड़कर स्वस्थ, जागरूक और भेदभाव-मुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। राष्ट्रीय रेड रन 4.0 के माध्यम से बिहार में HIV/AIDS जागरूकता को बढ़ावा देने के साथ युवाओं को स्वास्थ्य और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति प्रेरित करने का प्रयास किया जाएगा।