हाजीपुर (वैशाली) | 13 जुलाई 2026
बिहार के वैशाली जिले में बिदुपुर थाना क्षेत्र के चर्चित दोहरे हत्याकांड के मुख्य आरोपी जगदीश राय को सोमवार को पुलिस मुठभेड़ के दौरान घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी दिलावरपुर पूर्वी गांव के एक आम के बगीचे में छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया। इसी दौरान खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के दोनों पैरों के घुटनों के पास लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर सदर अस्पताल, हाजीपुर में भर्ती कराया गया।
पुलिस वाहन पर भी चली दो गोलियां
मुठभेड़ के दौरान आरोपी की ओर से चलाई गई दो गोलियां पुलिस वाहन में लगीं। हालांकि इस घटना में कोई पुलिसकर्मी घायल नहीं हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही वैशाली के एसपी शुभांक मिश्रा और एसडीपीओ सुबोध कुमार मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की समीक्षा की। पुलिस ने घटनास्थल से कई अहम साक्ष्य भी जुटाए हैं।
जमीन विवाद में हुई थी दो लोगों की हत्या
पुलिस के अनुसार, बिदुपुर थाना क्षेत्र के रजासन गांव में जमीन और रास्ते के विवाद को लेकर रविवार को खूनी संघर्ष हुआ था। आरोप है कि जगदीश राय ने अपने पिता मुरली राय के साथ मिलकर अपने चाचा मुनारीक राय और सेना में तैनात चचेरे भाई जितेंद्र कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना के बाद से ही पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही थी।
आरोपी का आपराधिक इतिहास खंगाल रही पुलिस
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक जगदीश राय के खिलाफ हत्या सहित कई गंभीर आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है ताकि इस हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका का भी पता लगाया जा सके। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच तेज़ी से आगे बढ़ाई जा रही है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।




