पतरातू (रामगढ़) | 25 जुलाई 2026
शादी-विवाह के मौसम में साइबर अपराधियों ने लोगों को ठगने का नया तरीका अपनाया है। व्हाट्सएप पर डिजिटल शादी के निमंत्रण (Wedding Invitation) के नाम पर भेजी जा रही एपीके (APK) फाइलें अब लोगों के बैंक खातों के लिए बड़ा खतरा बन गई हैं। पतरातू के एसडीपीओ राघवेंद्र शर्मा ने प्रेस वार्ता कर लोगों को इस नए साइबर फ्रॉड से सतर्क रहने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि एक छोटी-सी लापरवाही जीवनभर की कमाई को खतरे में डाल सकती है।
ऐसे होता है साइबर ठगी का खेल
एसडीपीओ ने बताया कि साइबर अपराधी व्हाट्सएप, एसएमएस, फेसबुक और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से शादी का कार्ड, महंगे गिफ्ट, लॉटरी या विशेष ऑफर के नाम पर एपीके फाइल भेजते हैं। यह फाइल सामान्य निमंत्रण कार्ड जैसी दिखाई देती है, लेकिन जैसे ही कोई व्यक्ति इसे डाउनलोड कर खोलता है, मोबाइल का नियंत्रण साइबर अपराधियों तक पहुंच जाता है।
इसके बाद अपराधी मोबाइल में मौजूद बैंकिंग ऐप, पासवर्ड, ओटीपी, कॉन्टैक्ट लिस्ट और अन्य निजी जानकारी तक पहुंच बना लेते हैं। इसी के जरिए वे बैंक खाते से रकम निकालने के साथ-साथ पीड़ित के नंबर से उसके परिचितों को भी वही फाइल भेज देते हैं।
एक क्लिक से बढ़ता जाता है साइबर जाल
पुलिस के अनुसार यह ठगी केवल एक व्यक्ति तक सीमित नहीं रहती। हैक हुए मोबाइल से सभी कॉन्टैक्ट्स को वही एपीके फाइल भेजी जाती है। चूंकि संदेश किसी परिचित के नंबर से आता है, इसलिए लोग बिना संदेह किए उसे खोल देते हैं और साइबर जाल का हिस्सा बन जाते हैं।
इन बातों का रखें विशेष ध्यान
एसडीपीओ राघवेंद्र शर्मा ने लोगों से अपील की कि किसी भी अनजान नंबर से आई एपीके फाइल या संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें। यदि किसी परिचित के नंबर से भी ऐसी फाइल मिले, तो पहले फोन कर पुष्टि करें कि उसने वास्तव में वह फाइल भेजी है या नहीं।
यदि गलती से ऐसी फाइल डाउनलोड हो जाए या साइबर ठगी का संदेह हो तो तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं, मोबाइल से संदिग्ध फाइल हटाकर फोन को फैक्ट्री रीसेट करें और नजदीकी साइबर थाना या पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज कराएं।
साइबर अपराध सबसे बड़ी चुनौती
एसडीपीओ ने कहा कि साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं और आने वाले समय में यह पुलिस एवं समाज दोनों के लिए बड़ी चुनौती बन सकते हैं। उन्होंने कहा कि डिजिटल दुनिया में सुरक्षित रहने का सबसे प्रभावी तरीका जागरूकता और सतर्कता है। इंटरनेट और स्मार्टफोन का इस्तेमाल करते समय हर लिंक और फाइल की जांच करना बेहद जरूरी है।




