ताजिया जुलूस के दौरान हुई वारदात

बिहार के समस्तीपुर: जिले में मुहर्रम के ताजिया जुलूस के दौरान एक मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। कल्याणपुर थाना क्षेत्र के बासुदेवपुर भुट्टा चौक पर शुक्रवार शाम आयोजित ताजिया जुलूस के दौरान 22 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद जुलूस स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया।

करतब दिखाने के दौरान शुरू हुआ विवाद

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ताजिया जुलूस में पारंपरिक करतब (स्टंट) दिखाए जा रहे थे। इसी दौरान कुछ युवकों के बीच कहासुनी शुरू हुई। स्थानीय लोगों का कहना है कि विवाद के पीछे पुरानी रंजिश भी एक वजह हो सकती है। देखते ही देखते बहस हिंसक झड़प में बदल गई।

भीड़ से अलग ले जाकर किया जानलेवा हमला

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद के बाद आरोपी ने 22 वर्षीय मोहम्मद जावेद को भीड़ से अलग कर पास के अंधेरे हिस्से में ले गया। वहां उसके सीने पर लगातार कई बार चाकू से हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल जावेद मौके पर ही गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी।

मृतक की पहचान, इलाके में बढ़ी सुरक्षा

मृतक की पहचान बासुदेवपुर भुट्टा चौक, गोपालपुर वार्ड संख्या-9 निवासी मोहम्मद जावेद के रूप में हुई है। घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। संवेदनशील स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।

आरोपी की तलाश में पुलिस, हर पहलू की जांच

वारदात के बाद मुख्य आरोपी मौके से फरार हो गया। कल्याणपुर थाना पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि हत्या के पीछे की वास्तविक वजह, पुरानी रंजिश और विवाद के अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ साक्ष्यों के आधार पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।