सीवान | 17 जुलाई 2026
बिहार के सीवान जिले के बड़हरिया थाना क्षेत्र स्थित नवलपुर गांव में एक महिला पर कथित तौर पर सोते समय तेजाब जैसे ज्वलनशील पदार्थ से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता की पहचान 25 वर्षीय छोटी कुमारी के रूप में हुई है। महिला का आरोप है कि रात में सोते समय उसके पति ने उसके चेहरे पर ज्वलनशील पदार्थ डाल दिया, जिससे उसका चेहरा गंभीर रूप से झुलस गया। घटना के बाद भी उसे तत्काल अस्पताल नहीं ले जाया गया और वह करीब 12 घंटे तक दर्द से तड़पती रही।
पड़ोसियों की मदद से मायके वालों को मिली जानकारी
पीड़िता ने किसी तरह पड़ोस में रहने वाली महिला के मोबाइल से अपने मायके सूचना दी। इसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे। सूचना मिलते ही बड़हरिया थाना पुलिस भी गांव पहुंची और महिला को घर से बाहर निकालकर पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तथा बाद में बेहतर इलाज के लिए सीवान सदर अस्पताल में भर्ती कराया।
डॉक्टरों ने बताया 17-18 प्रतिशत चेहरा झुलसा
चिकित्सकों के अनुसार महिला के चेहरे का करीब 17 से 18 प्रतिशत हिस्सा झुलस गया है। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। घटना के दौरान पास में सो रहे महिला के छोटे बेटे के चेहरे पर भी हल्के जलने के निशान मिले हैं, जिसकी भी चिकित्सकीय जांच कराई जा रही है।
पति पर गंभीर आरोप, पुलिस जांच में जुटी
पीड़िता और उसके परिजनों ने पति पर हमला करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि घटना के बाद आरोपी ने केवल पानी डालकर मामला दबाने की कोशिश की, लेकिन इलाज के लिए अस्पताल नहीं ले गया। वहीं परिजनों का आरोप है कि ससुराल पक्ष ने इलाज के दौरान भी बाधा पहुंचाने का प्रयास किया।
एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य, आरोपी हिरासत में
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में ले लिया है। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से नमूने और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा ने बताया कि प्रारंभिक बयान के आधार पर महिला ने पति पर गंभीर आरोप लगाए हैं। अब यह जांच की जा रही है कि इस्तेमाल किया गया पदार्थ वास्तव में तेजाब था या कोई अन्य ज्वलनशील रसायन। पुलिस का कहना है कि एफएसएल रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




