रामगढ़ (झारखंड) | 6 जुलाई 2026

झारखंड के रामगढ़ जिले के भुरकुंडा ओपी क्षेत्र में सोमवार को पुलिस और कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान गिरोह के सदस्य शिवराज राम उर्फ शिवा के बीच मुठभेड़ हुई। रिवर साइड स्थित बंद केंद्रीय विद्यालय के पास हुई इस कार्रवाई में पुलिस की जवाबी फायरिंग में शिवा के पैर में गोली लगी। घायल अपराधी को गिरफ्तार कर इलाज के लिए रामगढ़ सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

ज्वैलरी शोरूम में वारदात की थी तैयारी

पुलिस के अनुसार, धनबाद और रांची पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि शिवराज राम रांची के एक ज्वैलरी शोरूम में बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहा है। सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने भुरकुंडा थाना क्षेत्र के सयाल शिवाजी रोड से उसे हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान शिवा ने बंद केंद्रीय विद्यालय परिसर के पास हथियार छिपाए होने की जानकारी दी।

हथियार निकालते ही पुलिस पर की फायरिंग

जब पुलिस टीम शिवा को लेकर बताए गए स्थान पर पहुंची, तो उसने अचानक छिपाई गई पिस्टल निकालकर पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें शिवा के पैर में गोली लगी। मौके से दो पिस्टल, 59 जिंदा कारतूस और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए।

एक और आरोपी गिरफ्तार, गैंग के नेटवर्क की जांच

शिवा की निशानदेही पर पुलिस ने कुजू क्षेत्र से अनीज अंसारी नामक एक अन्य आरोपी को भी गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से एक पिस्टल और 21 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, शिवा 14 मई को जेल से बाहर आया था और पहले अन्य आपराधिक गिरोहों से जुड़ा रहा, बाद में वह प्रिंस खान गैंग का सक्रिय सदस्य बन गया।

घटना की सूचना मिलते ही रामगढ़ के पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस अब गैंग के अन्य सदस्यों, हथियारों की सप्लाई और प्रस्तावित वारदात से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।