पटना | 14 जुलाई 2026
पटना के चर्चित बंटी यादव अपहरण एवं हत्याकांड में पुलिस विभाग ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। राजधानी में हुई इस सनसनीखेज घटना के बाद पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवालों के बीच सिटी एसपी (सेंट्रल) ममता कल्याणी ने कर्तव्य में घोर लापरवाही, अनुशासनहीनता और उदासीनता को गंभीर मानते हुए कोतवाली थाना के तीन सहायक अवर निरीक्षक (ASI) और एक होमगार्ड जवान के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की है।
चार पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज
जारी आदेश के मुताबिक निलंबित पुलिसकर्मियों में एएसआई प्रवीण कुमार पंकज, एएसआई अवधेश कुमार, एएसआई वीर बहादुर सिंह और होमगार्ड जवान सुदर्शन प्रसाद शामिल हैं। सभी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है। निलंबन अवधि के दौरान इनका मुख्यालय नवीन पुलिस केंद्र, पटना निर्धारित किया गया है।
थाने से 100 मीटर दूर हुई थी वारदात
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि बंटी यादव के साथ मारपीट, अपहरण और बाद की घटनाएं पटना जंक्शन स्थित टीओपी से महज 100 मीटर की दूरी पर हुईं। इसके बावजूद न तो टीओपी प्रभारी को समय पर जानकारी मिली और न ही कोतवाली थाना की गश्ती टीम या ERSS-112 पर तैनात पुलिसकर्मी घटना पर तत्काल प्रतिक्रिया दे सके। इसी लापरवाही को कार्रवाई का मुख्य आधार माना गया है।
तीन दिनों में मांगा गया स्पष्टीकरण
सिटी एसपी ने सभी निलंबित पुलिसकर्मियों को तीन दिनों के भीतर लिखित स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया है। यदि जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया तो विभागीय कार्रवाई को और आगे बढ़ाया जा सकता है।
पुलिस विभाग में सख्त संदेश
इस कार्रवाई को पुलिस विभाग के भीतर जवाबदेही तय करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि ड्यूटी में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। चर्चित बंटी यादव हत्याकांड की जांच भी तेज कर दी गई है और मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गहन पड़ताल की जा रही है।




