वॉशिंगटन | 8 जुलाई 2026
अमेरिका, कनाडा और यूरोप की कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने संगठित अपराध और अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी संयुक्त कार्रवाइयों में से एक 'ऑपरेशन हार्ड बॉल' को अंजाम दिया है। इस अभियान के तहत कुल 24 संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि 37 लोगों के खिलाफ तीन अलग-अलग संघीय आरोप-पत्र (Federal Indictments) दाखिल किए गए हैं।
अमेरिकी न्याय विभाग के अनुसार, गिरफ्तार और नामजद आरोपियों पर हत्या, जबरन वसूली, अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी और संगठित अपराध नेटवर्क संचालित करने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। जांच में गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ के नाम भी सामने आए हैं।
निज्जर हत्याकांड की साजिश का भी आरोप
अमेरिकी अभियोजन पक्ष के मुताबिक, लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ पर 18 जून 2023 को कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया के सरे शहर में खालिस्तानी नेता हरदीप सिंह निज्जर की हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया गया है। यह मामला पहले से ही भारत-कनाडा संबंधों के बीच बड़ा कूटनीतिक मुद्दा बना हुआ है।
तीन अंतरराष्ट्रीय सिंडिकेट बने जांच का केंद्र
फर्स्ट असिस्टेंट यूनाइटेड स्टेट्स अटॉर्नी बिल एसेली ने बताया कि ऑपरेशन हार्ड बॉल के दौरान तीन अंतरराष्ट्रीय अपराध सिंडिकेट को निशाना बनाया गया। जांच एजेंसियों का दावा है कि ये नेटवर्क हत्या, धमकी, रंगदारी और नशीले पदार्थों की तस्करी के जरिए अमेरिका और कनाडा में अपना प्रभाव बढ़ा रहे थे।
जांच में यह भी आरोप लगाया गया है कि बिश्नोई गैंग हाई-प्रोफाइल धार्मिक, सामाजिक और राजनीतिक व्यक्तियों को निशाना बनाकर डर का माहौल तैयार करता था और इसी के जरिए जबरन वसूली करता था।
जग्गू भगवानपुरिया और रविंदर धांडा पर भी शिकंजा
अमेरिकी अधिकारियों ने अलग मामलों में गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया और रविंदर सिंह धांडा पर भी आरोप लगाए हैं। अभियोजन पक्ष का दावा है कि धांडा अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको में सक्रिय एक अंतरराष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क संचालित करता था, जिसके जरिए कोकीन और मेथामफेटामाइन की बड़े पैमाने पर तस्करी की जाती थी।
संयुक्त एजेंसियों का संदेश
रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस (RCMP) के कमिश्नर माइक डुहेम ने कहा कि इस संयुक्त अभियान का उद्देश्य उन संगठित अपराध नेटवर्क को खत्म करना है, जो हत्या, हिंसा और डर के जरिए लोगों को नियंत्रित करने और अवैध वसूली करने का प्रयास करते रहे हैं।
फिलहाल अमेरिकी और कनाडाई एजेंसियां गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही हैं। जांच जारी है और आने वाले दिनों में इस अंतरराष्ट्रीय अपराध नेटवर्क से जुड़े कई और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।




