जमुई | 14 जुलाई 2026

बिहार के जमुई जिले में मंगलवार सुबह एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। चंद्रदीप थाना क्षेत्र के धनामा गांव स्थित बल्दाहा छिलका से पश्चिम धनामा-मोहनपुर आहार के समीप खेत के पास शव मिलने की सूचना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जमुई सदर अस्पताल भेज दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है।

सुबह खेत जाने के दौरान मिला शव

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, सुबह जब लोग खेतों की ओर जा रहे थे, तभी उनकी नजर आहार किनारे पड़े एक युवक के शव पर पड़ी। देखते ही देखते पूरे इलाके में यह खबर फैल गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गए। ग्रामीणों ने मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन देर शाम तक उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी।

हत्या की आशंका, पुलिस हर एंगल से कर रही जांच

घटना के बाद स्थानीय लोगों के बीच हत्या की आशंका जताई जा रही है। कई लोगों का मानना है कि युवक की हत्या कर शव को सुनसान स्थान पर फेंका गया है। हालांकि, पुलिस ने फिलहाल हत्या की पुष्टि नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के बाद ही मौत के कारण स्पष्ट हो सकेंगे।

एफएसएल टीम जुटी, पहचान कराने की कोशिश जारी

चंद्रदीप थानाध्यक्ष दीनानाथ सिंह ने बताया कि पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों से संपर्क कर मृतक की पहचान कराने का प्रयास कर रही है। घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम जांच कर रही है। वहीं स्थानीय स्तर पर मृतक के मोहनपुर गांव से संबंध होने की चर्चा है, लेकिन पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।