पटना | 14 जुलाई 2026
पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल अंतर्गत अथमलगोला प्रखंड के मध्य विद्यालय करजान सूर्यपुरा से गुरु-शिष्य परंपरा को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां तीसरी कक्षा में पढ़ने वाली नौ वर्षीय छात्रा को कथित तौर पर सिर्फ रोल नंबर बताने में हुई मामूली गलती पर शिक्षक ने डंडे से बेरहमी से पीट दिया। घटना के बाद बच्ची की पीठ और बांह पर गंभीर चोट के निशान मिलने से परिजनों में आक्रोश फैल गया। मामले की शिकायत मिलते ही शिक्षा विभाग और प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है।
रोल नंबर को लेकर भड़के शिक्षक
जानकारी के अनुसार, कक्षा में उपस्थिति दर्ज करने के दौरान शिक्षक मनीष कुमार ने छात्रा से उसका रोल नंबर पूछा। छात्रा ने अपना रोल नंबर बताया, लेकिन उसी समय दूसरी छात्रा ने भी गलती से वही रोल नंबर अपना बता दिया। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर शिक्षक ने तीसरी कक्षा की छात्रा की डंडे से पिटाई कर दी।
घर पहुंचने पर सामने आई पूरी घटना
स्कूल से लौटने के बाद जब छात्रा की मां कपड़े बदलवा रही थीं, तब उन्होंने बच्ची की पीठ और बांह पर लाल और गहरे चोट के निशान देखे। पूछताछ करने पर छात्रा रो पड़ी और स्कूल में हुई पूरी घटना बताई। इसके बाद परिजन तुरंत विद्यालय पहुंचे और प्रधानाध्यापक से लिखित शिकायत दर्ज कराई।
प्रशासन ने शुरू की कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए बाढ़ की अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) गरिमा लोहिया ने जांच के आदेश दिए हैं। उनके निर्देश पर प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी दीवा श्री ने आरोपी शिक्षक के निलंबन की अनुशंसा उच्च अधिकारियों को भेज दी है। फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की विभागीय कार्रवाई की जाएगी।




