सोनीपत | 8 जुलाई 2026

हरियाणा के सोनीपत में प्रतिष्ठित कंपनी की फर्जी वेबसाइट बनाकर डीलरशिप दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की साइबर ठगी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। सोनीपत साइबर थाना पुलिस ने तकनीकी जांच के आधार पर कार्रवाई करते हुए बिहार के नालंदा जिले से गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान पप्पू कुमार, निवासी लालू बिगाहा, नालंदा (बिहार) के रूप में हुई है। पुलिस अब इस साइबर गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।

डीलरशिप के नाम पर लगाया लाखों का चूना

पुलिस के अनुसार, 19 अक्टूबर 2025 को सोनीपत निवासी एक व्यक्ति ने बिरला ओपस पेंट्स की कथित वेबसाइट पर डीलरशिप के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था। आवेदन के कुछ समय बाद खुद को कंपनी का रिलेशनशिप मैनेजर बताने वाले व्यक्ति ने पीड़ित से संपर्क किया और रजिस्ट्रेशन फीस, जीएसटी तथा पेंट सामग्री भेजने के नाम पर अलग-अलग बैंक खातों और यूपीआई आईडी में कुल 3 लाख 68 हजार 500 रुपये जमा करा लिए।

रकम लेने के बाद गायब हुए आरोपी

राशि जमा होने के बाद न तो पीड़ित को डीलरशिप मिली और न ही किसी प्रकार की सामग्री भेजी गई। जब बार-बार संपर्क करने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला, तब पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद उसने साइबर थाना सोनीपत में शिकायत दर्ज कराई।

तकनीकी जांच से बिहार तक पहुंची पुलिस

मामले की जांच के दौरान साइबर पुलिस ने बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और डिजिटल लेन-देन का विश्लेषण किया। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस बिहार के नालंदा पहुंची और आरोपी पप्पू कुमार को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में साइबर ठगी के संगठित नेटवर्क से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। पुलिस अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।

साइबर पुलिस की लोगों से अपील

पुलिस आयुक्त ममता सिंह ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी कंपनी की डीलरशिप, निवेश योजना या ऑनलाइन बिजनेस ऑफर स्वीकार करने से पहले उसकी आधिकारिक वेबसाइट और दस्तावेजों का सत्यापन अवश्य करें। किसी भी आकर्षक ऑफर या अधिक मुनाफे के लालच में अज्ञात खातों में पैसे ट्रांसफर न करें। यदि साइबर ठगी का शिकार हों तो तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करें या NCRP पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। इससे समय रहते कार्रवाई कर ठगी गई राशि को बचाने की संभावना बढ़ जाती है।