पटना | 16 जुलाई 2026
पटना के चर्चित बंटी यादव हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गुरुवार सुबह पुलिस और मुख्य आरोपी रवीश उर्फ BC के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें जवाबी कार्रवाई के दौरान आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी। घायल अवस्था में उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी और उस पर हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, रंगदारी समेत कई संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं।
LNT घाट के पास हुई पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बंटी यादव हत्याकांड का मुख्य आरोपी रवीश उर्फ BC एलएनटी घाट के रास्ते पटना लौट रहा है। सूचना मिलते ही बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र में घेराबंदी की गई। पुलिस टीम को देखते ही आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें उसके पैर में गोली लगी और मौके पर ही उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस वाहन पर भी चलाई गोली, बाल-बाल बचे जवान
मुठभेड़ के दौरान आरोपी की ओर से चलाई गई एक गोली कोतवाली थाना की सरकारी गाड़ी के बोनट पर लगी। वाहन में मौजूद थाना प्रभारी अजय कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी सुरक्षित बच गए। घटना के बाद पूरे इलाके की घेराबंदी कर अतिरिक्त पुलिस बल को मौके पर बुलाया गया।
देसी पिस्तौल बरामद, FSL करेगी जांच
घटनास्थल से पुलिस ने एक देसी पिस्तौल बरामद की है। फॉरेंसिक जांच के लिए एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया गया है। पुलिस का कहना है कि बरामद हथियार की वैज्ञानिक जांच कराई जाएगी ताकि घटना से जुड़े सभी साक्ष्य जुटाए जा सकें। मौके पर लॉ एंड ऑर्डर एएसपी कृष्ण मुरारी प्रसाद, डीआईयू, एसआईयू और कोतवाली थाना की टीम मौजूद रही।
6 जुलाई को हुआ था अपहरण, 11 जुलाई को मिला था शव
बंटी यादव का 6 जुलाई को पटना जंक्शन स्थित टाटा पार्क के पास से अपहरण कर लिया गया था। इसके पांच दिन बाद 11 जुलाई को अथमलगोला क्षेत्र से उसका शव बरामद हुआ। पोस्टमार्टम और पुलिस जांच में सामने आया कि उसकी बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या की गई थी। शरीर पर कई गंभीर चोटों के निशान मिले थे। इस मामले में अब तक पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस का मानना है कि मुख्य आरोपी रवीश उर्फ BC की गिरफ्तारी से हत्याकांड के कई अहम राज खुल सकते हैं और जांच को नई दिशा मिलेगी।





