पटना | 16 जुलाई 2026
पटना के चर्चित बंटी यादव हत्याकांड और छपरा के पंकज राय हत्याकांड को लेकर अब भोजपुरी अभिनेता और गायक खेसारी लाल यादव भी खुलकर सामने आए हैं। उन्होंने दोनों हत्याओं पर गहरा दुख जताते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मामलों की निष्पक्ष, पारदर्शी और त्वरित जांच कराने की मांग की है। साथ ही दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने का आग्रह किया है।
X पर पोस्ट कर जताई संवेदना
बुधवार को खेसारी लाल यादव ने अपने आधिकारिक X अकाउंट पर पोस्ट साझा करते हुए कहा कि बंटी यादव और पंकज राय की निर्मम हत्या ने उन्हें बेहद आहत किया है। उन्होंने लिखा कि किसी भी सभ्य समाज में ऐसी घटनाओं के लिए कोई स्थान नहीं होना चाहिए। उन्होंने दोनों पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस कठिन समय में पूरा समाज उनके साथ खड़ा होना चाहिए।
भरत तिवारी मामले का भी किया जिक्र
अपने पोस्ट में खेसारी लाल यादव ने भरत तिवारी एनकाउंटर मामले का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि जिस तरह उस मामले में न्याय की मांग को लेकर लोग एकजुट हुए थे, उसी तरह बंटी यादव और पंकज राय के परिवारों को भी न्याय दिलाने के लिए सभी को जाति, धर्म और राजनीतिक विचारधारा से ऊपर उठकर आवाज बुलंद करनी चाहिए।
पीड़ित परिवारों से मिलने का किया ऐलान
खेसारी लाल यादव ने कहा कि वह जल्द ही दोनों पीड़ित परिवारों से मुलाकात करेंगे और हरसंभव मदद का प्रयास करेंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पीड़ित परिवार खुद को अकेला न समझे। साथ ही उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार निष्पक्ष जांच कर दोषियों को जल्द कानून के कठघरे तक पहुंचाएगी, जिससे लोगों का न्याय व्यवस्था पर विश्वास और मजबूत होगा।




