गवाही के बाद लौटते समय हुआ जानलेवा हमला

बिहार के भोजपुर जिले में आपराधिक घटना ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। कोईलवर थाना क्षेत्र के धर्मपुर गांव के बधार के पास कोर्ट से गवाही देकर लौट रहे चाचा-भतीजे पर अज्ञात हमलावरों ने देर रात ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस हमले में 45 वर्षीय सूरज राय की मौके पर मौत हो गई, जबकि उनके 22 वर्षीय भतीजे दीपक कुमार के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गए। उनका इलाज अस्पताल में चल रहा है।

कोर्ट में गवाही देकर लौट रहे थे दोनों

पुलिस के अनुसार मृतक सूरज राय भोजपुर जिले के बबुरा थाना क्षेत्र स्थित इंग्लिशपुर गांव के निवासी थे। वह अपने भतीजे दीपक कुमार के साथ एक पुराने आपराधिक मामले में अदालत में गवाही देने गए थे। कोर्ट की कार्यवाही पूरी होने के बाद दोनों पहले पचैना गांव में अपनी रिश्तेदारी में रुके और रात में बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान धर्मपुर गांव के समीप पहले से घात लगाए हमलावरों ने उन पर कई राउंड फायरिंग कर दी।

पुराना जमीन विवाद बना हत्या की वजह?

घायल दीपक कुमार के अनुसार परिवार में कई वर्षों से जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। बताया गया कि सूरज राय ने अपनी जमीन भाइयों के बीच बांट दी थी, जिसके बाद मकान निर्माण और संपत्ति को लेकर तनाव लगातार बढ़ता गया। दीपक ने आरोप लगाया कि इसी रंजिश के चलते पहले भी परिवार पर हमला हो चुका था।

22 अप्रैल की घटना से जुड़ा है मामला

पीड़ित परिवार का कहना है कि 22 अप्रैल को भी आरोपियों ने घर में घुसकर मारपीट की थी और दीपक कुमार का कथित तौर पर अपहरण कर लिया था। इस मामले में बबुरा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। उसी केस में दोनों अदालत में गवाही देने पहुंचे थे। प्रारंभिक जांच में पुलिस इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि कहीं कोर्ट में दी गई गवाही के कारण ही इस वारदात को अंजाम तो नहीं दिया गया।

घायल ने लगाए गंभीर आरोप

दीपक कुमार ने अपने पट्टीदार मनीष उर्फ पिंटू राय और नीतीश पर हमले का आरोप लगाया है। उनका दावा है कि पुराने भूमि विवाद और अदालत में गवाही देने से नाराज होकर इस घटना को अंजाम दिया गया। हालांकि पुलिस का कहना है कि सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच की जा रही है।

पुलिस ने शुरू की कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ-2, कोईलवर थाना पुलिस और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों, तकनीकी साक्ष्यों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।

इलाके में दहशत का माहौल

कोर्ट से गवाही देकर लौट रहे लोगों पर इस तरह की गोलीबारी ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।