सीतामढ़ी | 13 जुलाई 2026
बिहार के सीतामढ़ी जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई है। सुप्पी थाना क्षेत्र के घरवारा गांव में विवाह के महज सात महीने बाद एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के मायके पक्ष ने आरोप लगाया है कि दहेज में बुलेट मोटरसाइकिल की मांग पूरी नहीं होने पर उसकी हत्या कर दी गई। इतना ही नहीं, परिजनों का आरोप है कि ससुराल पक्ष ने शव का अंतिम संस्कार करने से भी इनकार कर दिया, जिसके बाद मृतका का भाई अपनी बहन के शव को मोटरसाइकिल पर रखकर मायके ले जाने को मजबूर हो गया।
सात महीने पहले हुई थी शादी
जानकारी के अनुसार, गाढ़ा थाना क्षेत्र के मानिक चौक निवासी मधु कुमारी की शादी 5 दिसंबर 2025 को अवधेश कुमार झा के पुत्र चंदन कुमार झा से हुई थी। परिजनों का कहना है कि शादी के कुछ समय बाद से ही दहेज में बुलेट मोटरसाइकिल की मांग को लेकर मधु को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। रविवार सुबह उसका शव ससुराल के कमरे में फंदे से लटका मिला।
हत्या का आरोप, आत्महत्या का रूप देने की आशंका
मायके वालों का आरोप है कि मधु की पहले गला दबाकर हत्या की गई और बाद में मामले को आत्महत्या दिखाने के लिए शव को फंदे से लटका दिया गया। घटना के बाद सदर अस्पताल पहुंचे परिजनों में भारी आक्रोश देखने को मिला। इसी दौरान गुस्साए परिजनों ने मृतका के ससुर के साथ मारपीट भी की।
भाई की बेबसी का वीडियो वायरल
घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें मृतका का भाई अपनी बहन के शव को मोटरसाइकिल पर रखकर ले जाता दिखाई दे रहा है। वीडियो में वह रोते हुए ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाता नजर आ रहा है। इस दृश्य ने लोगों को भावुक कर दिया है और दहेज प्रथा व मानवीय संवेदनाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलने के बाद सुप्पी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। थाना प्रभारी आशीष कुमार ठाकुर ने बताया कि परिजनों की लिखित शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जा रही है।




