फिरोजाबाद | 17 जुलाई 2026

उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में शुक्रवार सुबह पुलिस और दो वांछित बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में दोनों आरोपी मारे गए। घटना शिकोहाबाद रेलवे स्टेशन के पास हुई, जहां इटावा एसओजी की टीम खुफिया सूचना के आधार पर दोनों आरोपियों को पकड़ने पहुंची थी। पुलिस के अनुसार, घिरते ही बदमाशों ने टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें एसओजी के दो सिपाही डेविड चौहान और पुष्पेंद्र घायल हो गए। एक सिपाही के पेट और दूसरे के कंधे में गोली लगी, जिसके बाद दोनों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।

ट्रेन से कूदकर खेतों की ओर भागे आरोपी

पुलिस को सूचना मिली थी कि इटावा के चर्चित चेन स्नैचिंग मामले में वांछित आरोपी अंकित उर्फ सीटू और सुमित गाजियाबाद से झारखंड जा रही संबलपुर एक्सप्रेस में सफर कर रहे हैं। शिकोहाबाद स्टेशन पर पुलिस की घेराबंदी देखकर दोनों ट्रेन से उतरकर भाग निकले और फायरिंग करते हुए नगला कन्हई गांव की ओर पहुंच गए।

300 से अधिक पुलिसकर्मियों ने की घेराबंदी

घटना के बाद पुलिस ने पूरे इलाके को चारों ओर से घेर लिया। करीब 300 पुलिसकर्मियों ने बाजरे के खेतों और आसपास के क्षेत्रों में व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया। पुलिस लगातार लाउडस्पीकर के जरिए आरोपियों से आत्मसमर्पण करने की अपील करती रही, लेकिन दोनों ने लगातार फायरिंग जारी रखी।

दो घंटे बाद जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपी ढेर

करीब दो घंटे तक चले ऑपरेशन के बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपियों को मार गिराया। अधिकारियों के अनुसार, दोनों लंबे समय से फरार थे और इटावा में एक निजी अस्पताल के डॉक्टर से चेन लूट की वारदात सहित कई मामलों में वांछित थे।

वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे, जांच शुरू

घटना की जानकारी मिलते ही डीआईजी, इटावा एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव, फिरोजाबाद एसएसपी आदित्य लांग्हे, एएसपी अभय नाथ त्रिपाठी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मुठभेड़ से जुड़े सभी तथ्यों की जांच की जाएगी और कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।