पटना में सरकारी टेंडर घोटाले से जुड़े मामले में स्पेशल विजिलेंस यूनिट (SVU) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चर्चित ठेकेदार रिशु श्री को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद SVU की टीम उससे लगातार पूछताछ कर रही है। माना जा रहा है कि पूछताछ के दौरान कई बड़े अधिकारियों और ठेकेदारों की भूमिका से जुड़े अहम खुलासे हो सकते हैं।

[@portabletext/react] Unknown block type "image", specify a component for it in the `components.types` prop

बुधवार को स्पेशल विजिलेंस यूनिट ने पटना के मीठापुर स्थित रिशु श्री के फ्लैट पर छापेमारी की थी। इस दौरान करीब 2 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के हीरे, सोने-चांदी के जेवरात, चांदी के बर्तन और 61 जमीनों के डीड बरामद किए गए। बरामद दस्तावेजों और संपत्तियों की जांच की जा रही है ताकि कथित अवैध संपत्ति और टेंडर घोटाले के बीच संबंधों का पता लगाया जा सके।

जांच एजेंसियों के अनुसार रिशु श्री पर आरोप है कि वह सरकारी टेंडर मैनेज कराने के लिए अधिकारियों से सांठगांठ करता था और बदले में उन्हें विभिन्न प्रकार के लाभ पहुंचाता था। प्रवर्तन निदेशालय (ED) की जांच में पहले भी कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए थे।

ED की जांच के मुताबिक रिशु श्री के खिलाफ धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत मामला दर्ज है। जांच में आरोप लगाया गया था कि उसने सरकारी टेंडर दिलाने के बदले कुछ वरिष्ठ अधिकारियों और उनके परिवारों की विदेश यात्राओं का खर्च उठाया। इसमें 2017 बैच के IAS योगेश कुमार सागर और 2014 बैच की IAS अभिलाषा कुमारी शर्मा के परिवार की यूरोप और ऑस्ट्रेलिया यात्रा का खर्च शामिल होने की बात कही गई थी। आरोप है कि हवाई टिकट से लेकर होटल में ठहरने तक का पूरा खर्च रिशु श्री ने वहन किया था।

जांच एजेंसियों ने यह भी दावा किया था कि IAS अभिलाषा कुमारी शर्मा के आवास की छत पर कराई गई बागवानी पर करीब 9 लाख रुपये खर्च किए गए थे, जिसका भुगतान भी रिशु श्री द्वारा किए जाने का आरोप है।

सूत्रों के अनुसार सरकारी विभागों के टेंडरों में बड़े पैमाने पर हेराफेरी कर अपनी कंपनी और करीबी ठेकेदारों को लाभ पहुंचाने का आरोप भी रिशु श्री पर है। जांच में यह देखा जा रहा है कि किस प्रकार टेंडर प्रक्रिया को प्रभावित कर सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाया गया।

[@portabletext/react] Unknown block type "image", specify a component for it in the `components.types` prop

रिशु श्री की गिरफ्तारी के बाद मामले की जांच और तेज हो गई है। SVU और ED दोनों एजेंसियां अब बरामद दस्तावेजों, संपत्तियों और वित्तीय लेन-देन की गहन पड़ताल कर रही हैं। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस हाई-प्रोफाइल टेंडर घोटाले में कई और बड़े नाम सामने आ सकते हैं।