पटना स्थित 01 अणे मार्ग से मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शारदीय (खरीफ) महाभियान-2026 का शुभारंभ करते हुए किसान जागरूकता वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अभियान के तहत दो कृषि ज्ञान वाहनों सहित राज्य के सभी जिलों के लिए विशेष जागरूकता वाहन भेजे गए हैं। इन वाहनों का उद्देश्य किसानों तक खरीफ मौसम से जुड़ी योजनाओं, आधुनिक कृषि तकनीकों और सरकारी सुविधाओं की जानकारी पहुंचाना है, ताकि वे खेती में अधिक उत्पादन और बेहतर आय प्राप्त कर सकें।

[@portabletext/react] Unknown block type "image", specify a component for it in the `components.types` prop

कृषि विभाग द्वारा संचालित इस अभियान में किसानों को खरीफ फसलों की उन्नत तकनीक, अनुदानित दर पर उपलब्ध कृषि उपादानों, कृषि यंत्रों और विभागीय योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। साथ ही डिजिटल क्रॉप सर्वे, फार्मर रजिस्ट्री, प्रशिक्षण एवं विस्तार सेवाओं के बारे में भी किसानों को जागरूक किया जाएगा। अभियान के दौरान खेत बचाओ कार्यक्रम, संतुलित उर्वरक उपयोग, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और फसल अवशेष प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी विशेष जानकारी दी जाएगी।

सरकार का मानना है कि इस व्यापक जनजागरूकता अभियान से किसानों को नई तकनीकों और योजनाओं का लाभ मिलेगा, जिससे कृषि उत्पादन और किसानों की आय में वृद्धि होगी। कार्यक्रम में कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, कृषि विभाग के प्रधान सचिव नर्मदेश्वर लाल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। राज्य सरकार का यह प्रयास किसानों को आधुनिक और टिकाऊ खेती के प्रति प्रेरित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।