पटना, 18 अगस्त 2026 : बिहार की राजनीति में मंगलवार को नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के एक बयान को लेकर सियासी तकरार बढ़ गई। राजद कार्यालय में दशरथ मांझी की पुण्यतिथि पर आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान राजद नेता तेजस्वी यादव की जुबान फिसल गई। उन्होंने दशरथ मांझी की जगह केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी को श्रद्धांजलि देने की बात कह दी। तेजस्वी यादव के इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसी को लेकर जीतन राम मांझी ने भी तेजस्वी यादव पर तीखा हमला बोल दिया और उन्होंने कहा कि लगता है बाबू साहब का रात वाला अभी उतरा नहीं था। इसलिए मुझे श्रद्धांजलि दे रहे हैं।

तेजस्वी के बयान पर जीतन राम मांझी का तंज

केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर तेजस्वी यादव का वीडियो शेयर करते हुए कटाक्ष किया। उन्होंने लिखा, “नशा शराब में होती तो नाचती बोतल। लगता है बाबू साहब का रात वाला उतरा नहीं था इसलिए मुझे श्रद्धांजलि दे रहे हैं।” मांझी ने आगे तंज कसते हुए लिखा कि अगर हालात नहीं सुधरे तो आने वाले समय में तेजस्वी यादव अपने पिता लालू यादव और राबड़ी देवी को भी जीते जी श्रद्धांजलि दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि नशा कुछ भी करा सकता है।

क्या हुआ था कार्यक्रम में ?

दरअसल, राजद कार्यालय में सोमवार को दशरथ मांझी की पुण्यतिथि के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मांझी समाज के लोग शामिल हुए थे। लोगों को संबोधित करते हुए तेजस्वी यादव ने दशरथ मांझी की जगह जीतन राम मांझी के श्रद्धांजलि समारोह में उपस्थित होने की बात कह दी। उन्होंने कथित तौर पर जीतन राम मांझी का नाम दो बार लिया। बाद में पीछे से मौजूद लोगों ने उन्हें सही कराया। हालांकि, तब तक उनका संबोधन रिकॉर्ड हो चुका था और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

NDA नेताओं के निशाने पर तेजस्वी

वीडियो सामने आने के बाद तेजस्वी यादव एनडीए नेताओं के निशाने पर आ गए हैं। जीतन राम मांझी ने सबसे तीखी प्रतिक्रिया दी। सोशल मीडिया पर भी इस बयान को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। यह मामला ऐसे समय सामने आया है, जब बिहार में विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक बयानबाजी लगातार तेज हो रही है।

दशरथ मांझी की पुण्यतिथि के कार्यक्रम का एक और वीडियो वायरल

इसी कार्यक्रम से जुड़ा एक अन्य वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में एक महिला दशरथ मांझी की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित करने के बाद भोजपुरी गाने पर डांस करती नजर आ रही है। वीडियो में मंच पर मौजूद कुछ RJD कार्यकर्ता महिला को रोकने की कोशिश करते दिखाई दे रहे हैं, मगर महिला कुछ क्षण तक नाचती रहती है और उसके साथ एक पुरुष कार्यकर्ता भी थिरकता नजर आ रहा है। सोशल मीडिया पर इस वीडियो को लेकर लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। इन घटनाओं के बाद राजद की सोशल मीडिया पर खूब किरकिरी हो रही है।