सम्राट चौधरी मंगलवार को सारण जिले के डुमरी बुजुर्ग में सहयोग शिविर का शुभारंभ करते हुए अधिकारियों को कड़ा संदेश दिया। उन्होंने साफ कहा कि जनता की शिकायतों का समाधान 30 दिनों के भीतर नहीं होने पर संबंधित पदाधिकारी 31वें दिन स्वतः निलंबित माने जाएंगे।

दीप प्रज्वलित कर शिविर का उद्घाटन करने के बाद सम्राट चौधरी ने कहा कि राज्यभर में सहयोग शिविर शुरू किए जा रहे हैं, ताकि आम लोग सीधे अपनी समस्याएं दर्ज करा सकें। इन शिकायतों की मॉनिटरिंग सीधे मुख्यमंत्री कार्यालय से की जाएगी।

उन्होंने बताया कि सरकार ने 11 मई को सहयोग पोर्टल और हेल्पलाइन नंबर 1100 जारी किया था। अब हर पंचायत स्तर पर महीने के दूसरे और चौथे मंगलवार को सहयोग शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में अंचल, ब्लॉक, शिक्षा, थाना समेत विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतों का समाधान किया जाएगा।

सम्राट चौधरी ने अधिकारियों के लिए तय समयसीमा भी स्पष्ट कर दी। उन्होंने कहा कि आवेदन मिलने के 10 दिनों के भीतर संबंधित अधिकारी को पहला नोटिस जारी होगा। 20वें दिन दूसरा और 25वें दिन तीसरा नोटिस भेजा जाएगा। इसके बावजूद यदि 30 दिनों में शिकायत का समाधान नहीं हुआ, तो 31वें दिन संबंधित अधिकारी स्वतः निलंबित हो जाएगा।

[@portabletext/react] Unknown block type "image", specify a component for it in the `components.types` prop

इस दौरान उन्होंने कहा कि नरेन्द्र मोदी देश को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में काम कर रहे हैं, जबकि नितीश कुमार बिहार को समृद्ध बनाने के लक्ष्य पर कार्य कर रहे हैं। सहयोग शिविर इसी सोच को आगे बढ़ाने की एक बड़ी पहल है।

सारण के विकास को लेकर भी सम्राट चौधरी ने कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले इस क्षेत्र को गोद लेने की घोषणा की गई थी और अब यहां एयरपोर्ट तथा टाउनशिप निर्माण का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है।