पटना | 12 जुलाई 2026

बिहार की चर्चित बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। भारतीय जनता पार्टी ने अपने नए उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा के नाम का ऐलान करने के बाद चुनावी अभियान को गति दे दी है। इसी बीच भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने दावा किया है कि बांकीपुर की जनता भाजपा प्रत्याशी को भारी बहुमत से विजयी बनाएगी और विकास की राजनीति पर अपना भरोसा एक बार फिर जताएगी।

'बांकीपुर की जनता भाजपा के साथ'

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी अपने संदेश में नितिन नवीन ने कहा कि नीरज कुमार सिन्हा संगठन के जमीनी और समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने बूथ स्तर से लेकर मंडल स्तर तक पार्टी के लिए लगातार काम किया है और इसी समर्पण को देखते हुए उन्हें उम्मीदवार बनाया गया है।

उन्होंने लिखा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि बांकीपुर की जनता नीरज कुमार सिन्हा को अपना आशीर्वाद देकर प्रचंड मतों से विजयी बनाएगी और क्षेत्र में विकास तथा सुशासन की यात्रा को आगे बढ़ाएगी।

उपचुनाव क्यों हो रहा है?

बांकीपुर विधानसभा सीट उस समय खाली हुई जब वर्ष 2025 के विधानसभा चुनाव में यहां से रिकॉर्ड मतों से जीत दर्ज करने वाले नितिन नवीन राज्यसभा सदस्य निर्वाचित हो गए। इसके बाद उनके इस्तीफे से रिक्त हुई सीट पर चुनाव आयोग ने उपचुनाव की घोषणा की।

एनडीए नेताओं ने भी जताया भरोसा

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने बताया कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा से मुलाकात कर उन्हें जीत की शुभकामनाएं दीं।

उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में एनडीए विकास, सुशासन और जनसेवा के मुद्दों पर चुनाव लड़ रहा है तथा उन्हें विश्वास है कि बांकीपुर की जनता एक बार फिर एनडीए के पक्ष में मतदान करेगी।

वहीं, बिहार सरकार के मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि नीरज कुमार सिन्हा क्षेत्र के विकास और जनता की अपेक्षाओं को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उनका दावा है कि नीरज के नेतृत्व में बांकीपुर विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा। अब सभी की निगाहें उपचुनाव के प्रचार और मतदान पर टिकी हैं।