कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी देशभर में छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर एक बड़ा अभियान शुरू करने जा रहे हैं। इस अभियान के तहत वे विभिन्न शहरों में ‘छात्र सम्मेलन’ को संबोधित करेंगे, जिसमें शिक्षा व्यवस्था, प्रतियोगी परीक्षाओं और रोजगार जैसे अहम विषयों पर चर्चा होगी। इसी कड़ी में बिहार की राजधानी पटना में भी 11 जुलाई को उनका एक कार्यक्रम होगा, जिसके तहत वो छात्रों के बीच जाकर उनके लिए आवाज़ उठाएंगे।

पटना में 11 जुलाई को होगा बड़ा सम्मेलन

भारतीय युवा कांग्रेस के अनुसार, 11 जुलाई को पटना में राहुल गांधी छात्रों को संबोधित करेंगे। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र, प्रतियोगी परीक्षाओं के अभ्यर्थी और युवा शामिल होने की संभावना है।

शिक्षा और परीक्षा प्रणाली पर केंद्रित रहेगा कार्यक्रम

इस सम्मेलन में देश की शिक्षा व्यवस्था में सुधार, प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और पारदर्शिता से जुड़े मुद्दों पर फोकस किया जाएगा। NEET सहित विभिन्न प्रवेश और भर्ती परीक्षाओं में सामने आई अनियमितताओं पर भी चर्चा की जाएगी।

इसके अलावा युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने और परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी बनाने जैसे विषय भी प्रमुख रहेंगे।

देश के कई शहरों में होंगे सम्मेलन

यह अभियान कई शहरों में आयोजित किया जाएगा। इसकी शुरुआत 17 जून को कोटा से होगी। इसके बाद 10 जुलाई को प्रयागराज, 11 जुलाई को पटना और 14 जुलाई को दिल्ली में कार्यक्रम प्रस्तावित हैं।

युवा कांग्रेस की पहल

युवा कांग्रेस का कहना है कि इन सम्मेलनों के माध्यम से छात्रों की समस्याओं को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से उठाया जाएगा। संगठन का लक्ष्य अधिक से अधिक युवाओं को इस संवाद से जोड़ना है।

इस अभियान का उद्देश्य शिक्षा और रोजगार से जुड़े मुद्दों पर युवाओं की आवाज को मंच देना और नीति स्तर पर सुधार की मांग को आगे बढ़ाना बताया जा रहा है। इस अभियान के जरिए राहुल गांधी युवाओं के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने की भी कोशिश करेंगे।