पटना: राजधानी पटना में शुक्रवार सुबह से मौसम ने अचानक करवट ले ली। तेज आंधी और झमाझम बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत दिलाई। सुबह से ही आसमान में काले बादल छाए रहे और शहर के कई इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। बारिश के कारण तापमान में गिरावट आई और लोगों ने राहत की सांस ली।

हालांकि तेज आंधी की वजह से शहर के कई हिस्सों में पेड़ गिरने की घटनाएं भी सामने आई हैं। वीवीआईपी इलाके में स्थित सीएम हाउस, लोक सेवक आवास, हज भवन, छज्जू बाग समेत कई स्थानों पर पेड़ धराशायी हो गए। स्थिति का जायजा लेने के लिए नगर आयुक्त यशपाल मीणा खुद मौके पर पहुंचे और जेसीबी की मदद से गिरे हुए पेड़ों को हटाने का कार्य शुरू कराया। नगर निगम की टीम भी पूरी तरह सक्रिय है और सड़कों को जल्द सामान्य बनाने में जुटी हुई है।

वहीं इस बारिश के बीच एक दर्दनाक घटना भी सामने आई है। पटना से सटे फुलवारीशरीफ प्रखंड के सकरैचा गांव में सुबह करीब 8 बजे ठनका गिरने से दो मासूम बच्चियों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि दोनों बच्चियां गांव के पास बकरियां चराने गई थीं। इसी दौरान अचानक आकाशीय बिजली गिरने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

मृतकों की पहचान सिमरन कुमारी (12 वर्ष), पिता- गोपाली पासवान और स्वीटी कुमारी (10 वर्ष), पिता- रिपु पासवान के रूप में हुई है। घटना की खबर मिलते ही पूरे गांव में मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

[@portabletext/react] Unknown block type "image", specify a component for it in the `components.types` prop

मामले की जानकारी मिलने के बाद अंचलाधिकारी ने जांच के लिए टीम को मौके पर भेज दिया है। प्रशासन द्वारा पीड़ित परिवारों को सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।

बारिश ने जहां एक ओर राजधानीवासियों को गर्मी से राहत दी, वहीं दूसरी ओर ठनका गिरने की घटना ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया है।