पटना, 28 अगस्त 2026 : पटना से वरिष्ठ IPS अधिकारी के परिवार से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। एयरपोर्ट थाना क्षेत्र स्थित सरकारी आवास में एक IPS अधिकारी की पत्नी ने कथित तौर पर आत्महत्या करने की कोशिश की। इस घटना के बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद आवास पर तैनात पुलिस वाहन के चालक ने उन्हें तत्काल IGIMS की इमरजेंसी में पहुंचाया। हालांकि IGIMS में प्राथमिक उपचार के बाद परिजन उन्हें दानापुर-सगुना मोड़ स्थित एक निजी अस्पताल ले गए। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। हालांकि अस्पताल की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक मेडिकल बुलेटिन जारी नहीं किया गया है। मगर उकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

पारिवारिक विवाद की बात सामने आई

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, महिला के इस कदम के पीछे पारिवारिक विवाद की बात सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि IPS अधिकारी और उनकी पत्नी के बीच पिछले कुछ समय से पारिवारिक मतभेद चल रहे थे। हालांकि घटना के वक्त IPS अधिकारी घर पर मौजूद नहीं थे। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। अधिकारियों की ओर से फिलहाल कैमरे पर विस्तृत बयान देने से बचा जा रहा है।

पुलिस वाहन से पहुंचाया गया IGIMS

महिला की तबीयत बिगड़ने के बाद आवास पर मौजूद पुलिस वाहन के चालक ने उन्हें तत्काल IGIMS की इमरजेंसी में पहुंचाया। डॉक्टरों ने वहां प्राथमिक उपचार शुरू किया। करीब दो घंटे तक उपचार के बाद परिजन उन्हें आगे के इलाज के लिए दानापुर-सगुना मोड़ स्थित निजी अस्पताल ले गए। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

पहले भी आत्महत्या की कोशिश की बात

सूत्रों के मुताबिक, महिला ने इससे पहले भी आत्महत्या की कोशिश की थी। हालांकि, मौजूदा घटना के पीछे की वास्तविक वजह और परिस्थितियों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस परिवार के सदस्यों और घटना से जुड़े लोगों से जानकारी जुटा रही है। जांच के बाद ही इस घटना की पूरी वजह स्पष्ट हो सकेगी।