पटना, 28 अगस्त 2026 : पावर स्टार पवन सिंह की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘जियो मेरी जान’ का टीजर रक्षाबंधन के मौके पर रिलीज कर दिया गया है। करीब एक मिनट 13 सेकेंड के इस टीजर में पवन सिंह का जबरदस्त एक्शन अवतार देखने को मिल रहा है। टीजर रिलीज होते ही फिल्म को लेकर भोजपुरी दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ गई है। फिल्म का टीजर जेपी स्टार पिक्चर्स भोजपुरी के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर जारी किया गया है। फिल्म को दशहरा के अवसर पर सिनेमाघरों में रिलीज करने की तैयारी है।

पवन सिंह का दिखा दमदार एक्शन अंदाज

टीजर में पवन सिंह को एक्शन और रोमांच से भरपूर अंदाज में दिखाया गया है। फिल्म में मनोरंजन के साथ कई जबरदस्त एक्शन सीक्वेंस देखने को मिलने वाले हैं। टीजर की झलक से अंदाजा लगाया जा सकता है कि फिल्म में पवन सिंह का किरदार काफी प्रभावशाली रहने वाला है। निर्माता उमा शंकर प्रसाद ने बताया कि ‘जियो मेरी जान’ को दर्शकों के मनोरंजन को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। रक्षाबंधन पर टीजर जारी करना टीम के लिए खास मौका है।

पवन सिंह ने दर्शकों से की फिल्म देखने की अपील

पवन सिंह ने कहा कि दर्शकों के प्यार और आशीर्वाद के साथ वह एक बार फिर नए एक्शन धमाके के साथ बड़े पर्दे पर लौट रहे हैं। उन्होंने बताया कि फिल्म में एक्शन, मनोरंजन और रोमांच का भरपूर मिश्रण देखने को मिलेगा। अभिनेता ने दर्शकों से फिल्म को सिनेमाघरों में देखने की अपील करते हुए उम्मीद जताई कि उन्हें ‘जियो मेरी जान’ भी पहले की फिल्मों की तरह पसंद आएगी।

रुपाली जाधव और सपना चौहान भी मुख्य भूमिकाओं में

‘जियो मेरी जान’ में पवन सिंह के साथ रुपाली जाधव और सपना चौहान मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगी। इनके अलावा संजय वर्मा, विनीत विशाल, साहिल सिद्दीकी, कुणाल सिंह, स्वर्गीय ब्रजेश त्रिपाठी, जफर खान, संजीव मिश्रा, धामा वर्मा, रवि तिवारी और सुजीत भट्ट समेत कई कलाकार फिल्म का हिस्सा हैं। फिल्म का निर्माण उमा शंकर प्रसाद ने किया है, जबकि आयुष राज गुप्ता सह-निर्माता हैं। फिल्म का निर्देशन अनंजय रघुराज ने किया है और कहानी राकेश त्रिपाठी ने लिखी है।

संगीत और एक्शन की जिम्मेदारी इनकी

फिल्म का डीओपी देवेंद्र तिवारी हैं। संगीत की जिम्मेदारी रजनीश मिश्रा, प्रियांशु सिंह और छोटू रावत ने संभाली है, जबकि गीत विनय बिहारी, आशुतोष तिवारी और अरुण बिहारी ने लिखे हैं। एडिटिंग संतोष हरावड़े ने की है। फिल्म के एक्शन की जिम्मेदारी दिलीप यादव और रौशन ने संभाली है। कोरियोग्राफी रिक्की गुप्ता, एमके गुप्ता (जॉय) और सोनू सिंह ने की है। आर्ट डायरेक्टर संजय कुमार हैं। फिल्म के पीआरओ रंजन सिन्हा हैं। प्रोमो विकास पवार ने तैयार किया है। एसोसिएट डायरेक्टर रवि तिवारी हैं, जबकि प्रोडक्शन की जिम्मेदारी बिपिन कुमार और प्रोडक्शन एवं अकाउंट्स का काम कृष्णा यादव ने संभाला है।

दशहरा पर बड़े पर्दे पर आएगी फिल्म

रक्षाबंधन पर टीजर रिलीज होने के बाद अब भोजपुरी दर्शकों की नजर फिल्म की रिलीज पर है। ‘जियो मेरी जान’ दशहरा के मौके पर सिनेमाघरों में दस्तक देगी। टीजर में दिखे एक्शन और पवन सिंह के अंदाज ने फिल्म को लेकर दर्शकों की उम्मीदें बढ़ा दी हैं।