पटना: बिहार के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल Patna Medical College and Hospital (PMCH) से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। इलाज कराने अस्पताल पहुंचे एक मरीज के परिजनों के साथ कथित तौर पर अस्पताल के गार्डों ने लाठी-डंडों से जमकर मारपीट की। इस घटना में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया और उसका सिर फट गया। वहीं महिलाओं के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप लगाया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के दौरान अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घायल पक्ष का कहना है कि वह बिहटा से अपने मरीज का इलाज कराने पीएमसीएच आया था। किसी बात को लेकर विवाद होने के बाद गार्डों ने उसके परिवार के लोगों पर हमला कर दिया।
पीड़ित ने अस्पताल प्रशासन के साथ-साथ पीएमसीएच स्थित पुलिस चौकी के कर्मियों पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उसका कहना है कि जब वह शिकायत दर्ज कराने पीरबहोर पुलिस पहुंचा तो वहां भी उसके साथ मारपीट की गई। पीड़ित के मुताबिक पुलिसकर्मियों ने उसकी शर्ट तक उतारकर फेंक दी और शिकायत सुनने के बजाय दुर्व्यवहार किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए Rajesh Kumar ने संज्ञान लिया है। टाउन डीएसपी-1 ने पीएमसीएच पीरबहोर टीओपी प्रभारी को प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। साथ ही पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
पीड़ित परिवार ने अस्पताल के गार्डों और संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।




