पटना/नई दिल्ली, 17 अगस्त 2026 : भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने लंबे इंतजार के बाद अपनी नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान कर दिया है। नई टीम में बिहार से तीन नेताओं को राष्ट्रीय स्तर पर जिम्मेदारी मिली है। इनमें राज्यसभा सांसद शिवेश राम, सिद्धार्थ शंभु और ऋतुराज सिन्हा शामिल हैं। हालांकि, बिहार बीजेपी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री मंगल पांडेय को नई टीम में जगह नहीं मिली है। नितिन नवीन के बीजेपी अध्यक्ष बनने के बाद माना जा रहा था कि बिहार के नेताओं को राष्ट्रीय संगठन में ज्यादा प्रतिनिधित्व मिल सकता है। हालांकि, घोषित टीम में बिहार से तीन ही चेहरे शामिल किए गए हैं।

शिवेश राम को मिली बड़ी जिम्मेदारी

राज्यसभा सांसद शिवेश राम को भाजपा अनुसूचित जाति (SC) मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया है। पार्टी ने कुछ महीने पहले उन्हें राज्यसभा भेजा था। अब संगठन में अहम जिम्मेदारी मिलने के बाद उनका राष्ट्रीय राजनीतिक कद और बढ़ गया है। SC मोर्चा की कमान मिलने के बाद शिवेश राम देशभर में पार्टी के अनुसूचित जाति से जुड़े संगठनात्मक व राजनीतिक कार्यक्रमों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

सिद्धार्थ शंभु बने राष्ट्रीय मंत्री

बिहार बीजेपी में लंबे समय से सक्रिय रहे सिद्धार्थ शंभु को राष्ट्रीय मंत्री बनाया गया है। वैश्य समाज से आने वाले सिद्धार्थ शंभु बिहार बीजेपी में संगठनात्मक स्तर पर महत्वपूर्ण भूमिका निभा चुके हैं। वह लगातार तीन बार बिहार बीजेपी के प्रदेश उपाध्यक्ष रह चुके हैं। संगठन में उनके लंबे अनुभव को देखते हुए राष्ट्रीय टीम में जगह मिलना उनके राजनीतिक कद में बढ़ोतरी के तौर पर देखा जा रहा है।

ऋतुराज सिन्हा को प्रकोष्ठ संकुल सह-संयोजक की जिम्मेदारी

बीजेपी नेता ऋतुराज सिन्हा को प्रकोष्ठ संकुल सह-संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है। वह इससे पहले पार्टी में राष्ट्रीय मंत्री की भूमिका निभा चुके हैं। नई जिम्मेदारी के तहत उन्हें बीजेपी के अलग-अलग प्रकोष्ठों के बीच समन्वय और संगठनात्मक तालमेल की जिम्मेदारी निभानी होगी। राष्ट्रीय मंत्री से प्रकोष्ठ संकुल सह-संयोजक बनाए जाने को उनके पद में बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है।

मंगल पांडेय का नाम क्यों नहीं ?

नितिन नवीन की नई टीम के ऐलान से पहले बिहार बीजेपी के कई वरिष्ठ नेताओं के नाम राष्ट्रीय संगठन में शामिल किए जाने की चर्चा थी। इनमें पूर्व मंत्री मंगल पांडेय का नाम भी प्रमुखता से लिया जा रहा था। माना जा रहा था कि मंगल पांडेय को बीजेपी के राष्ट्रीय संगठन में बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है। लेकिन नई टीम की सूची सामने आने के बाद उनका नाम इसमें शामिल नहीं है। इससे बिहार बीजेपी की सियासत में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।

बिहार को मिली उम्मीद से कम हिस्सेदारी ?

नितिन नवीन के बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद बिहार के नेताओं को राष्ट्रीय संगठन में ज्यादा प्रतिनिधित्व मिलने की उम्मीद जताई जा रही थी। हालांकि, नई टीम में बिहार से तीन नेताओं को ही जगह मिली है। शिवेश राम, सिद्धार्थ शंभु और ऋतुराज सिन्हा को जिम्मेदारी मिलने से बिहार का प्रतिनिधित्व जरूर हुआ है, लेकिन राजनीतिक हलकों में यह सवाल भी उठ रहा है कि क्या बिहार को अपेक्षा के मुताबिक हिस्सेदारी मिली है।