गया, 28 अगस्त 2026 : महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा को मजबूत करने के लिए बिहार सरकार ने गया जिले में ‘पुलिस दीदी’ अभियान को गति दी है। जिले को महिला पुलिसकर्मियों और पदाधिकारियों की पेट्रोलिंग के लिए 70 बाइक-स्कूटी उपलब्ध कराई गई हैं। इन वाहनों के जरिए थाना क्षेत्रों में हॉटस्पॉट और संवेदनशील इलाकों की नियमित निगरानी की जाएगी। अब इससे नगर में महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा चाक-चौबंद होगी।
स्कूल-कॉलेज और बाजारों में होगी विशेष पेट्रोलिंग
‘पुलिस दीदी’ स्कूल, कॉलेज, बाजार, मॉल और ऐसे सार्वजनिक स्थानों पर विशेष नजर रखेंगी, जहां महिलाओं और छात्राओं की आवाजाही अधिक होती है। इसके अलावा सुनसान और संवेदनशील क्षेत्रों में भी नियमित पेट्रोलिंग की जाएगी। पेट्रोलिंग के दौरान छेड़छाड़, अभद्र टिप्पणी, महिलाओं से दुर्व्यवहार और अन्य आपत्तिजनक गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
छात्राओं से संवाद करेंगी महिला पुलिसकर्मी
महिला पुलिसकर्मी स्कूल और कॉलेजों में जाकर छात्राओं और शिक्षकों से सीधे संवाद करेंगी। इस दौरान छात्राओं की सुरक्षा से जुड़ी समस्याओं और शिकायतों की जानकारी ली जाएगी। जरूरत के मुताबिक संबंधित थाना स्तर पर कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाएगी।
112 सेवा के प्रति भी किया जाएगा जागरूक
‘पुलिस दीदी’ अभियान के तहत महिलाओं और आम लोगों को आपातकालीन सेवा 112 के बारे में भी जागरूक किया जाएगा। किसी आपात स्थिति में सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचकर सहायता उपलब्ध कराने के साथ संबंधित थाना और 112 टीम को भी जानकारी दी जाएगी।
जरूरत के हिसाब से थाना क्षेत्रों में बांटे गए वाहन
गया जिले में उपलब्ध कराई गई बाइक-स्कूटी का वितरण हॉटस्पॉट और थाना क्षेत्रों की जरूरत के आधार पर किया गया है। जानकारी के अनुसार, कुछ थाना क्षेत्रों को दो से तीन वाहन भी दिए गए हैं, ताकि महिला पुलिसकर्मियों की पेट्रोलिंग को अधिक प्रभावी बनाया जा सके। इस पहल का उद्देश्य महिलाओं और छात्राओं में सुरक्षा का भरोसा बढ़ाना और सार्वजनिक स्थानों पर होने वाली छेड़छाड़ व अन्य आपत्तिजनक गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखना है।




