पटना/नई दिल्ली, 21 अगस्त 2026 : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी इन दिनों दो दिवसीय दिल्ली दौरे पर हैं। बांकीपुर उपचुनाव के बाद यह उनका पहला दिल्ली दौरा है। शुक्रवार को नई दिल्ली के कर्तव्य भवन में सीएम सम्राट चौधरी ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और विदेश मंत्री एस. जयशंकर के साथ एक अहम बैठक की। इस बैठक में बिहार की वित्तीय जरूरतों, विकास परियोजनाओं, भारत-नेपाल जल एवं बांध परियोजनाओं और पर्यटन से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद संजय झा और बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत समेत कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

निर्मला सीतारमण और जयशंकर के साथ हुई अहम बैठक

शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे कर्तव्य भवन में यह बैठक शुरू हुई। इसमें बिहार से जुड़े आर्थिक और प्रशासनिक मुद्दों के साथ-साथ विदेश नीति और भारत-नेपाल संबंधों से जुड़े विषयों पर भी चर्चा हुई।हालांकि बैठक शुरू होने के करीब एक घंटे बाद विदेश मंत्री एस. जयशंकर वहां से रवाना हो गए। इसके बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और संजय झा के बीच बातचीत जारी रही।

बिहार के फंड और बजट पर भी चर्चा

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के साथ हुई बातचीत में बिहार की वित्तीय जरूरतों, बजट और विकास योजनाओं से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। राज्य की विभिन्न परियोजनाओं के लिए केंद्र से मिलने वाली सहायता और बिहार के विकास को गति देने से जुड़े प्रस्ताव बैठक के अहम विषय रहे। सीएम सम्राट चौधरी के साथ राज्य के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी से संकेत मिलता है कि बैठक में केवल राजनीतिक चर्चा के बजाय कई प्रशासनिक और वित्तीय प्रस्तावों पर भी मंथन किया गया।

नेपाल डैम का मुद्दा क्यों है अहम ?

सीएम सम्राट चौधरी की दिल्ली बैठक में भारत-नेपाल जल एवं बांध परियोजनाएं भी प्रमुख मुद्दों में शामिल रहीं। बिहार की कई प्रमुख नदियों का संबंध नेपाल से है। मानसून के दौरान नेपाल से आने वाली नदियों के कारण बिहार के कई जिलों में बाढ़ का खतरा बना रहता है। ऐसे में नेपाल में प्रस्तावित हाई लेवल डैम और भारत-नेपाल के बीच जल प्रबंधन को लेकर समन्वय बिहार के लिए महत्वपूर्ण माना जाता है। बांध परियोजनाओं से बाढ़ नियंत्रण, जल प्रबंधन व संभावित ऊर्जा उत्पादन जैसे मुद्दे जुड़े हुए हैं।

पर्यटन के विकास पर भी हुई बात

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बैठक में बिहार में Tourism Development को बढ़ावा देने से जुड़े मुद्दे भी उठाए। राज्य के ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों को बेहतर तरीके से विकसित करने और पर्यटन के जरिए रोजगार एवं आर्थिक गतिविधियां बढ़ाने पर जोर दिया गया। मुख्यमंत्री ने बैठक के बाद सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बताया कि केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। इसमें भारत-नेपाल जल एवं बांध परियोजनाओं, बजट, पर्यटन और बिहार के हित से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई।

बांकीपुर उपचुनाव के बाद पहला दिल्ली दौरा

सम्राट चौधरी का यह दिल्ली दौरा बांकीपुर उपचुनाव के बाद हो रहा है। इसलिए मुख्यमंत्री की केंद्रीय नेताओं के साथ मुलाकात को राजनीतिक नजरिए से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि, सामने आई जानकारी के मुताबिक बैठक का मुख्य फोकस बिहार के विकास, वित्तीय जरूरतों और केंद्र के साथ समन्वय से जुड़े मुद्दों पर रहा।

बिहार के लिए क्या मायने रखती है बैठक ?

सम्राट चौधरी की केंद्रीय मंत्रियों के साथ हुई बैठक में बिहार के कई महत्वपूर्ण मुद्दे एक साथ सामने आए। बजट और फंडिंग, नेपाल से जुड़े जल एवं बांध प्रोजेक्ट, पर्यटन और विकास योजनाएं राज्य के लिए महत्वपूर्ण हैं। ऐसे में अब नजर इस बात पर रहेगी कि केंद्र और बिहार के बीच हुई इस हाईलेवल बातचीत के बाद किन योजनाओं को मंजूरी या अतिरिक्त गति मिलती है।