बिहार में शिक्षक भर्ती के चौथे चरण TRE-4 का इंतजार कर रहे लाखों अभ्यर्थियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। शिक्षा मंत्री ने संकेत दिया है कि TRE-4 भर्ती प्रक्रिया की तैयारी अंतिम चरण में है और बहुत जल्द इसकी अधिसूचना जारी की जाएगी। मंत्री के इस बयान के बाद लंबे समय से भर्ती का इंतजार कर रहे युवाओं में नई उम्मीद जगी है।
एक कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बातचीत में शिक्षा मंत्री ने कहा कि सरकार पूरी गंभीरता के साथ TRE-4 भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री की ओर से शिक्षा विभाग को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं और विभाग लगातार तैयारी में जुटा हुआ है।
मंत्री ने कहा कि अभ्यर्थियों को निराश होने की जरूरत नहीं है और वे अपनी तैयारी जारी रखें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही भर्ती को लेकर बड़ा अपडेट सामने आएगा। मंत्री ने कहा, “सरकार की कोशिश है कि जल्द से जल्द अधिसूचना जारी की जाए ताकि युवाओं को अवसर मिल सके।”
TRE-4 भर्ती को लेकर बिहार के लाखों अभ्यर्थी लंबे समय से आंदोलन और सोशल मीडिया के जरिए सरकार से मांग कर रहे हैं। ऐसे में शिक्षा मंत्री का यह बयान भर्ती प्रक्रिया की दिशा में बड़ा संकेत माना जा रहा है।
तेजस्वी यादव पर मंत्री का पलटवार
इस दौरान शिक्षा मंत्री ने नेता प्रतिपक्ष Tejashwi Yadav पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने तेजस्वी यादव के कथित “झाड़-फूंक” वाले बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि काशी जाना और बाबा विश्वनाथ के दर्शन करना भारतीय संस्कृति और आस्था का हिस्सा है। इसे राजनीति से जोड़ना गलत मानसिकता को दर्शाता है।
मंत्री ने कहा, “क्या हम नमाज पढ़ने जाएं ताकि तेजस्वी यादव खुश हों? बाबा विश्वनाथ की नगरी में दर्शन करना आस्था का विषय है, इसे राजनीति से जोड़ना उचित नहीं है।”




