पटना, 19 अगस्त 2026 : बिहार के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले छात्रों के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को लेकर एक बड़ी पहल शुरू की गई है। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) ने राज्य के 155 मॉडल प्लस-टू स्कूलों में कक्षा 11वीं और 12वीं के छात्रों के लिए JEE तथा NEET की निशुल्क कोचिंग शुरू की है। इसके अलावा राज्य के 700 मॉडल स्कूलों के कक्षा 9वीं से 12वीं तक के छात्रों को ‘विद्या साथी’ नाम के इंटरैक्टिव लर्निंग ऐप से जोड़ने की तैयारी भी है। इस ऐप के जरिए छात्रों को 24 घंटे लाइव शिक्षकों की सुविधा मिलेगी। खास बात यह है कि इन दोनों सुविधाओं के लिए छात्रों से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा।
155 स्कूलों में शुरू हुई JEE-NEET की फ्री कोचिंग
बिहार बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. त्यागराजन एसएम ने मंगलवार को सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों के कार्यालयों में प्रतिनियुक्त उप सचिवों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठक की। इस बैठक में JEE और NEET की निशुल्क तैयारी को लेकर अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए गए। राज्य के 155 मॉडल स्कूलों में से पटना के 10 चिह्नित स्कूलों में 16 जुलाई से ऑफलाइन कक्षाएं शुरू हो चुकी हैं। यहां विशेषज्ञ शिक्षकों के माध्यम से छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जा रही है। वहीं, बाकी 145 मॉडल स्कूलों में ऑनलाइन कोचिंग शुरू की गई है।
स्मार्ट बोर्ड और टीवी के जरिए होगी पढ़ाई
145 स्कूलों में JEE और NEET के सिलेबस के अनुसार विशेषज्ञ शिक्षकों द्वारा तैयार किए गए विषयवार वीडियो छात्रों को उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इन वीडियो को स्कूलों में टीवी और स्मार्ट बोर्ड के माध्यम से दिखाकर पढ़ाई कराई जा रही है। इसका उद्देश्य ऐसे छात्रों को भी प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी का मौका देना है, जो निजी कोचिंग की महंगी फीस वहन नहीं कर सकते। बिहार बोर्ड मुख्यालय में एक आधुनिक स्टूडियो भी तैयार किया जा रहा है। इसके जरिए भविष्य में इन 145 स्कूलों में लाइव क्लास शुरू करने की एक खास योजना है।
21 केंद्रों पर पहले से चल रही फिजिकल क्लास
JEE और NEET की तैयारी के लिए बिहार में पहले से 21 कोचिंग केंद्रों पर फिजिकल क्लास संचालित हो रही है। इसके अलावा पटना कॉलेजिएट स्कूल, दरियापुर और बांकीपुर बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, गोलघर में शैक्षणिक आवासीय शिक्षण कार्यक्रम भी चल रहा है। राज्य के नौ प्रमंडलीय मुख्यालयों—पटना, गया, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, छपरा, पूर्णिया, सहरसा, मुंगेर और भागलपुर—में भी निशुल्क गैर-आवासीय शिक्षण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है।
700 मॉडल स्कूलों में मिलेगा ‘विद्या साथी’ ऐप
JEE-NEET कोचिंग के अलावा बिहार बोर्ड ने कक्षा 9वीं से 12वीं तक के छात्रों के लिए ‘विद्या साथी’ इंटरैक्टिव लर्निंग ऐप शुरू करने की पहल की है। राज्य के 700 मॉडल स्कूलों के छात्रों को इस ऐप से जोड़ा जाएगा। इश बीच बिहार बोर्ड ने सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों को छात्रों को ऐप से जोड़ने की प्रक्रिया जल्द पूरी करने का निर्देश भी दिया है।
24 घंटे लाइव शिक्षक, छात्रों के सवालों का मिलेगा जवाब
‘विद्या साथी’ ऐप की सबसे खास सुविधा 24x7 लाइव शिक्षक की होगी। अगर किसी छात्र को किसी विषय का कॉन्सेप्ट समझने में परेशानी होती है या पढ़ाई से जुड़ा कोई सवाल है, तो वह लाइव शिक्षक से सवाल पूछ सकेगा। ऐप पर छात्रों को अलग-अलग विषयों से संबंधित PDF स्टडी मटेरियल भी उपलब्ध कराया जाएगा। इससे छात्र अपने नोट्स तैयार करने और रिवीजन करने में मदद ले सकेंगे।
वीडियो में दिखाई देंगे शिक्षक
ऐप को इंटरैक्टिव बनाने के लिए छात्रों के सवाल पूछने का तरीका भी अलग रखा गया है। जब कोई छात्र सवाल पूछेगा तो जवाब देने वाला शिक्षक वीडियो में दिखाई देगा। हालांकि शिक्षक छात्र को वीडियो में नहीं देख सकेंगे। इस तरह छात्र अपनी समस्या सीधे शिक्षक तक पहुंचाकर लाइव माध्यम से उसका समाधान पा सकेंगे।
महंगी कोचिंग का विकल्प देने की कोशिश
बिहार बोर्ड की इस पहल का उद्देश्य सरकारी स्कूलों के छात्रों को JEE और NEET जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर व मुफ्त शैक्षणिक संसाधन उपलब्ध कराना है। 155 मॉडल स्कूलों में निशुल्क JEE-NEET कोचिंग और 700 मॉडल स्कूलों में 24x7 इंटरैक्टिव लर्निंग की सुविधा शुरू होने से उन छात्रों को फायदा होगा, जो निजी कोचिंग की फीस का खर्च नहीं उठा सकते।




