बिहार के गया जी जिले से बड़ी खबर निकल कर सामने आ रही है. जहाँ शिक्षा विभाग ने शिक्षकों की ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर जानकारी अपडेट करने को लेकर सख्त रुख अपनाया है। विभाग ने स्पष्ट कर दिया है कि निर्धारित समय सीमा में विवरण अपडेट नहीं करने पर वेतन रोकने और विभागीय कार्रवाई की जाएगी। बताया जा रहा है कि इस मामले में सम्बंधित शिक्षकों को पहले भी चेतावनी दी जा चुकी है।
9000 से अधिक शिक्षकों ने नहीं किया अपडेट
जिले में 9000 से अधिक ऐसे शिक्षक हैं, जिन्होंने अब तक अपना व्यक्तिगत और सेवा संबंधी विवरण पोर्टल पर अपडेट नहीं किया है। इसमें स्थायी पता, वर्तमान पता, पदस्थापन और अन्य जरूरी जानकारी शामिल है।
24 घंटे का अंतिम अल्टीमेटम
शिक्षा विभाग ने सभी शिक्षकों को 24 घंटे के भीतर अपनी जानकारी अनिवार्य रूप से अपडेट करने का निर्देश दिया है। ऐसा नहीं करने पर संबंधित शिक्षकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
जिला स्तर पर तेज हुई कार्रवाई
जिला शिक्षा कार्यालय ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों, विद्यालय अवर निरीक्षकों और डाटा एंट्री ऑपरेटरों को तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना) आनंद कुमार ने स्पष्ट कहा है कि सभी स्तरों पर यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी शिक्षक अपडेट प्रक्रिया से वंचित न रहे।
पहले भी दी गई थी समय सीमा
प्राथमिक शिक्षा निदेशक, पटना के निर्देश पर शिक्षकों को पहले ही 5 जून 2026 तक जानकारी अपडेट करने को कहा गया था, लेकिन बड़ी संख्या में शिक्षकों ने निर्देशों का पालन नहीं किया।
वेतन रोकने और कार्रवाई की चेतावनी
विभाग ने साफ किया है कि जो शिक्षक समय पर अपना विवरण अपडेट नहीं करेंगे, उनका वेतन रोका जा सकता है और उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी शुरू की जा सकती है।
साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में इस प्रक्रिया की लगातार निगरानी करें, ताकि सभी शिक्षकों का डेटा समय पर अपडेट हो सके।




