पटना | 15 जुलाई 2026

पटना की हाई-प्रोफाइल बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने चुनाव प्रचार को पूरी तरह गति दे दी है। पार्टी ने मंगलवार को अपने 40 स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है। इस सूची में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, राज्यसभा सांसद नितिन नवीन, एमएलसी पवन सिंह सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं और मंत्रियों को चुनाव प्रचार की जिम्मेदारी सौंपी गई है। भाजपा का लक्ष्य इस सीट पर अपनी लगातार जीत की परंपरा को बरकरार रखना है।

30 जुलाई को मतदान, 3 अगस्त को आएंगे नतीजे

निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार, बांकीपुर विधानसभा सीट पर 30 जुलाई 2026 को मतदान होगा, जबकि 3 अगस्त 2026 को मतगणना के बाद चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे। राजधानी की यह सीट राजनीतिक दृष्टि से बेहद अहम मानी जाती है और इस बार भी मुकाबला काफी दिलचस्प होने की उम्मीद है।

नितिन नवीन के इस्तीफे के बाद खाली हुई सीट

बांकीपुर सीट राज्यसभा सदस्य बनने के बाद नितिन नवीन के विधायक पद से इस्तीफा देने के कारण खाली हुई है। वर्ष 1995 से यह सीट लगातार भाजपा के कब्जे में रही है, इसलिए इसे पार्टी का मजबूत गढ़ माना जाता है। भाजपा ने इस बार अपने पुराने कार्यकर्ता नीरज कुमार सिन्हा को उम्मीदवार बनाया है, जबकि जन सुराज ने प्रशांत किशोर को मैदान में उतारकर मुकाबले को रोचक बना दिया है।

जनता के बीच रहने की जिम्मेदारी निभाने की बात

पटना में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में नितिन नवीन ने कहा कि बांकीपुर की जनता से उनका दो दशक पुराना रिश्ता है। उन्होंने कहा कि जनता के बीच रहना एक जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता के रूप में उनकी जिम्मेदारी है। उन्होंने पार्टी नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि भाजपा ने हमेशा कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ाने का काम किया है।

जीत की परंपरा बनाए रखने पर BJP का फोकस

भाजपा अब अपने सभी स्टार प्रचारकों के जरिए चुनाव प्रचार को और तेज करेगी। पार्टी का दावा है कि विकास कार्यों और संगठन की मजबूत पकड़ के दम पर वह एक बार फिर बांकीपुर सीट पर जीत दर्ज करेगी। वहीं विपक्ष भी इस सीट पर भाजपा की लगातार जीत के सिलसिले को रोकने की रणनीति के साथ मैदान में उतर चुका है।