पटना | 14 जुलाई 2026
बिहार की चर्चित बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपनी चुनावी तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। 30 जुलाई को होने वाले मतदान से पहले पार्टी अब बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और चुनावी रणनीति को धार देने में जुट गई है। इसी क्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने स्वयं चुनावी कमान संभाल ली है। मंगलवार को पटना स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में उनकी अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक होगी, जिसमें बांकीपुर उपचुनाव की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की जाएगी।
प्रदेश कार्यालय में बनेगा जीत का रोडमैप
पार्टी सूत्रों के अनुसार बैठक में चुनाव अभियान की रूपरेखा, बूथ प्रबंधन, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां, जनसंपर्क अभियान और मतदाता संपर्क कार्यक्रम पर विस्तार से चर्चा होगी। साथ ही एनडीए के सभी सहयोगी दलों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी मंथन किया जाएगा। भाजपा नेतृत्व का लक्ष्य बांकीपुर सीट पर रिकॉर्ड मतों से जीत दर्ज करना है।
नामांकन के बाद और तेज हुआ चुनाव अभियान
13 जुलाई को नामांकन के अंतिम दिन भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा ने भव्य रोड शो के बाद अपना नामांकन दाखिल किया था। बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी ने भाजपा के शक्ति प्रदर्शन को भी मजबूत संदेश दिया। इसके बाद पार्टी नेतृत्व ने चुनावी गतिविधियों को और तेज कर दिया है।
सोमवार को भी चली चुनावी रणनीति पर बैठक
सोमवार देर शाम पटना पहुंचते ही राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन एक्शन मोड में नजर आए। उन्होंने प्रदेश नेतृत्व और वरिष्ठ नेताओं के साथ चुनावी रणनीति पर विस्तृत चर्चा की। उनके आवास पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा तथा अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। बैठक में चुनाव प्रबंधन, बूथ स्तर की तैयारियों और प्रचार अभियान की समीक्षा की गई।
एनडीए के सहयोगी दल भी मैदान में सक्रिय
बांकीपुर उपचुनाव को लेकर एनडीए के सभी घटक दल भी पूरी सक्रियता के साथ चुनावी मैदान में उतर चुके हैं। सोमवार को जनता दल (यू) कार्यालय में आयोजित बैठक में भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा को भारी मतों से विजयी बनाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई। जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि बांकीपुर विधानसभा का राजनीतिक इतिहास गौरवशाली रहा है और इस सीट का प्रतिनिधित्व योग्य नेतृत्व के हाथों में ही रहना चाहिए। उन्होंने एनडीए कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर चुनाव में ऐतिहासिक जीत सुनिश्चित करने की अपील भी की।




