पटना | 13 जुलाई 2026

बिहार की चर्चित बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव ने सोमवार को पूरी तरह चुनावी रंग पकड़ लिया। नामांकन के अंतिम दिन जन सुराज के संस्थापक और पार्टी प्रत्याशी प्रशांत किशोर ने शक्ति प्रदर्शन के बीच अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन से पहले पार्टी की ओर से विशाल बाइक रैली, रोड शो और जनसभा का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में समर्थक और कार्यकर्ता शामिल हुए।

सुबह से ही पटना के विभिन्न इलाकों में जन सुराज के कार्यकर्ताओं की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। स्काउट एंड गाइड मैदान में आयोजित जनसभा में प्रशांत किशोर कुछ देर के लिए पहुंचे और समर्थकों को संबोधित किया। इसके बाद वह रोड शो के लिए रवाना हुए। इस दौरान हजारों कार्यकर्ता पार्टी के झंडे और बैनर के साथ बाइक रैली में शामिल हुए। कई जगह प्रशांत किशोर अपने समर्थकों के बीच पैदल भी चलते दिखाई दिए।

'यह सिर्फ मेरा नहीं, बिहार की नई राजनीति का नामांकन'

नामांकन से पहले प्रशांत किशोर ने कहा कि यह केवल उनका व्यक्तिगत नामांकन नहीं है, बल्कि बिहार की बदलती राजनीतिक सोच और नई राजनीति की शुरुआत का प्रतीक है। उन्होंने दावा किया कि जनता बदलाव चाहती है और बांकीपुर उपचुनाव उस बदलाव की दिशा तय करेगा।

हरिहरनाथ मंदिर में लिया आशीर्वाद

नामांकन से पहले प्रशांत किशोर अपनी पत्नी डॉ. जाह्नवी दास के साथ सोनपुर स्थित प्रसिद्ध बाबा हरिहरनाथ मंदिर पहुंचे। वहां उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर राज्य की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की। मंदिर दर्शन के बाद वे सीधे चुनावी कार्यक्रमों में शामिल हुए।

बीजेपी ने भी किया शक्ति प्रदर्शन

दूसरी ओर भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार नीरज सिन्हा ने भी नामांकन से पहले रोड शो और शक्ति प्रदर्शन किया। उन्होंने पंचरूपी हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना की और नवीन सिन्हा स्मृति पार्क पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। दोनों दलों के रोड शो के दौरान कुछ समय के लिए कार्यकर्ता आमने-सामने भी आ गए और दोनों पक्षों ने अपने-अपने उम्मीदवारों के समर्थन में जोरदार नारेबाजी की। भारी भीड़ के कारण शहर के कई हिस्सों में यातायात भी प्रभावित रहा।

बांकीपुर उपचुनाव को लेकर अब चुनावी मुकाबला पूरी तरह तेज हो गया है। प्रमुख राजनीतिक दलों ने प्रचार अभियान को गति दे दी है और आने वाले दिनों में चुनावी सरगर्मी और बढ़ने की संभावना है।