पटना, 21 अगस्त 2026 : राजद प्रमुख लालू यादव के बड़े बेटे तेजप्रताप यादव और अनुष्का यादव के भाई आकाश यादव के बीच चल रहा विवाद एक बार फिर सुर्खियों में है। आकाश यादव ने अपने फ्लैट पर एक संदिग्ध नकाबपोश व्यक्ति के पहुंचने को लेकर पुलिस में शिकायत दी है। उनका आरोप है कि संदिग्ध व्यक्ति किसी साजिश के तहत उनके घर पहुंचा था और वह तेजप्रताप यादव का करीबी हो सकता है। आकाश यादव के मुताबिक घटना 20 अगस्त को दोपहर करीब 3:50 बजे की है। उनके फ्लैट के दरवाजे पर किसी ने दस्तक दी। दरवाजा खोलने पर कंधे पर बैग लिए नकाबपोश व्यक्ति सामने खड़ा था। आकाश ने खतरा महसूस होने पर दरवाजा बंद कर दिया और सोसायटी के सुरक्षा गार्ड को इसकी सूचना दी।

गार्ड ने संदिग्ध को पकड़ा

आकाश के अनुसार, सूचना मिलने के बाद सोसायटी का गार्ड मौके पर पहुंचा। गार्ड को देखकर संदिग्ध व्यक्ति वहां से भागने लगा, लेकिन उसे पकड़ लिया गया। गार्ड ने उससे चेहरा दिखाने और विजिटर रजिस्टर में नाम-पता दर्ज करने को कहा। बताया गया कि संदिग्ध ने पहले रजिस्टर में ‘विश्वजीत’ नाम और एक गलत मोबाइल नंबर दर्ज किया। गार्ड को शक होने पर उससे दोबारा जानकारी मांगी गई। पुलिस में शिकायत करने की बात कहे जाने के बाद उसने दूसरा मोबाइल नंबर दर्ज किया और वहां से चला गया।

CCTV फुटेज को लेकर आकाश ने किया दावा

आकाश यादव ने सोसायटी के CCTV फुटेज देखने के बाद दावा किया कि उसमें दिखाई दे रहा व्यक्ति विकास कुमार उर्फ पोता है। आकाश का आरोप है कि विकास कुमार तेजप्रताप यादव का करीबी रिश्तेदार है। हालांकि, CCTV फुटेज में दिखाई दे रहा व्यक्ति वास्तव में वही है या नहीं और वह फ्लैट तक किस उद्देश्य से पहुंचा था, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल आकाश ने पुलिस से पूरे मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की है।

तेजप्रताप के साथ पहले से चल रहा विवाद

आकाश यादव के मुताबिक, तेजप्रताप यादव के साथ उनका पहले से विवाद चल रहा है। उन्होंने तेजप्रताप यादव के खिलाफ पाटलिपुत्र थाना कांड संख्या-313/2026 और पटना सिविल कोर्ट में केस संख्या-5709/2026 से जुड़े मामलों का भी जिक्र किया है। आकाश पहले भी धमकी से संबंधित शिकायत कर चुके हैं। उनका आरोप है कि तेजप्रताप यादव के साथी मोतीलाल यादव की ओर से उन्हें फोन किया गया था। इसके बाद एक अन्य कॉल में एक व्यक्ति ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई का आदमी बताते हुए तेजप्रताप के खिलाफ बोलने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी थी।

पुलिस में शिकायत के बाद कोर्ट पहुंचे थे आकाश

आकाश के अनुसार, उन्होंने 10 जून को पाटलिपुत्र थाने में लिखित शिकायत दी थी, लेकिन FIR दर्ज नहीं होने पर 17 जून को पटना व्यवहार न्यायालय में मामला दायर किया। उनके मुताबिक, इस मामले में अदालत में सुनवाई शुरू हो चुकी है।

अनुष्का और तेजप्रताप के बीच विवाद भी रहा है चर्चा में

अनुष्का यादव और तेजप्रताप यादव के संबंधों को लेकर भी इस साल काफी चर्चा रही है। पांच फरवरी 2026 को अनुष्का यादव की बेटी होने के बाद बच्ची के पिता को लेकर सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हुई थीं। इसके बाद तेजप्रताप यादव ने सार्वजनिक रूप से अनुष्का से बेटी होने की खबर को गलत बताया था। उन्होंने इस दौरान कई लोगों पर आरोप भी लगाए थे। हालांकि इन आरोपों को लेकर संबंधित पक्षों के अपने-अपने दावे रहे हैं।

उज्जैनी के अन्नप्राशन के बाद फिर चर्चा में आया मामला

हाल ही में आकाश यादव ने अपनी भांजी उज्जैनी के अन्नप्राशन से जुड़ी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किए थे। उनके पोस्ट के मुताबिक, उज्जैनी का अन्नप्राशन संस्कार उज्जैन स्थित बाबा महाकाल मंदिर में कराया गया। अनुष्का यादव ने वहां अपनी बेटी के साथ रुद्राभिषेक भी किया था। इसी के बाद आकाश यादव की ओर से नकाबपोश व्यक्ति को लेकर की गई नई शिकायत ने एक बार फिर तेजप्रताप यादव और अनुष्का यादव से जुड़े विवाद को सुर्खियों में ला दिया है।